कोटा में राहुल गांधी के छात्र संवाद से पहले बढ़ा सियासी तापमान, अशोक गहलोत ने ओम बिरला पर लगाए आरोप
नीट पेपर लीक और प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता के मुद्दे को लेकर कांग्रेस देशभर में चार छात्र महारैलियों का आयोजन करने जा रही है। इस अभियान की शुरुआत 17 जून को राजस्थान के कोटा से होगी, जहां लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों से संवाद करेंगे। इस दौरान परीक्षा व्यवस्था से जुड़ी चुनौतियों और छात्रों की समस्याओं पर चर्चा की जाएगी।
राहुल गांधी के इस कार्यक्रम से पहले प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कोटा के सांसद और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कार्यक्रम को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है।
गहलोत ने आरोप लगाया कि कोटा में कोचिंग संस्थानों, पीजी और गेस्ट हाउस संचालकों को फोन कर दबाव बनाया जा रहा है कि उनके यहां रहने वाले छात्र राहुल गांधी के संवाद कार्यक्रम में हिस्सा न लें। उन्होंने कहा कि छात्रों और युवाओं में कार्यक्रम को लेकर उत्साह देखकर भाजपा परेशान हो गई है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि लोकसभा अध्यक्ष जैसे संवैधानिक और गरिमामय पद पर बैठे व्यक्ति से ऐसी सोच की अपेक्षा नहीं की जा सकती। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक प्रक्रिया को बाधित करने का प्रयास बताते हुए इसकी निंदा की।
गहलोत के आरोपों के बाद इस मुद्दे पर राजनीतिक बयानबाजी तेज होने की संभावना है। कांग्रेस ने इस कार्यक्रम के लिए कोटा को इसलिए चुना है क्योंकि यह शहर देशभर से आने वाले लाखों प्रतियोगी छात्रों, विशेषकर नीट की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों का प्रमुख केंद्र माना जाता है। ऐसे में राहुल गांधी का यह संवाद न सिर्फ छात्रों से जुड़ा कार्यक्रम बल्कि राजनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
