श्री अकाल तख्त साहिब के फैसले पर सीएम भगवंत मान की पहली प्रतिक्रिया, कहा- मुझे बदनाम करने के लिए…
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने श्री अकाल तख्त साहिब द्वारा उनके खिलाफ सुनाए गए फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उच्च धार्मिक स्थानों पर बैठे कुछ लोग अपने राजनीतिक आकाओं के इशारे पर उन्हें बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि जिस वीडियो का जिक्र किया जा रहा है, उसमें दिखाई देने वाला व्यक्ति वह नहीं हैं. न तो उसकी शक्ल उनसे मिलती है और न ही उसका कद.
सीएम भगवंत मान ने कहा कि वह अकाल तख्त को सर्वोच्च मानते हैं और उसके प्रति पूरा सम्मान रखते हैं, लेकिन सभी जानते हैं कि वहां किस तरह राजनीतिक नियुक्तियां होती हैं और कुछ लोग राजनीतिक प्रेरणा से उनके खिलाफ माहौल बनाने का प्रयास कर रहे हैं.
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने बेअदबी करने वालों को सख्त सजा दिलाने के लिए कानून बनाया है, जिससे विपक्षी दल असहज हैं क्योंकि वे अपनी सरकारों के दौरान ऐसा कानून नहीं बना पाए थे.
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार पंजाब के पानी और युवाओं को बचाने के लिए काम कर रही है और वह राज्य के हित में फैसले लेते रहेंगे. उन्होंने यह भी कहा कि जब वह अकाल तख्त के समक्ष पेश हुए थे, तब भी उन्होंने स्पष्ट किया था कि संबंधित वीडियो उनकी नहीं है और उसमें दिख रहे व्यक्ति की शक्ल और कद उनसे मेल नहीं खाते. अंत में उन्होंने कहा कि वह इस पूरे मामले पर अंतिम निर्णय संगत पर छोड़ते हैं.
