‘ED पार्टी’ लोकतंत्र पर कब्जा करना चाहती है, एजेंसी BJP के इशारे पर काम कर रही है: संजय सिंह

‘ED पार्टी’ लोकतंत्र पर कब्जा करना चाहती है, एजेंसी BJP के इशारे पर काम कर रही है: संजय सिंह

आम आदमी पार्टी (AAP) के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने 16 जून मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में केंद्र सरकार और प्रवर्तन निदेशालय (ED) पर तीखा हमला बोला. उन्होंने ED को ‘ED पार्टी’ करार देते हुए आरोप लगाया कि यह एजेंसी BJP के इशारे पर काम कर रही है और विपक्षी नेताओं को निशाना बनाकर राजनीतिक दलों पर कब्जा करने की कोशिश कर रही है.

संजय सिंह ने कहा, “जैसा कि हम बार-बार कहते रहे हैं, इस देश में एक ‘ED पार्टी’ है, जिसकी पूरी जिंदगी ED पर टिकी है. यही ED पार्टी ED के जरिए पूरे देश में लोकतंत्र पर कब्जा करना चाहती है.” उन्होंने आरोप लगाया कि इसी एजेंसी ने अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया, सत्येंद्र जैन और उन्हें जेल भेजा. अब जब कुछ नहीं मिल रहा तो AAP नेताओं को कायरतापूर्ण तरीके से निशाना बनाया जा रहा है.

दीपक सिंघला को निशाना बनाया जा रहा

संजय सिंह ने कहा कि गोवा में AAP के को-इन-चार्ज दीपक सिंघला को बिना वजह निशाना बनाया जा रहा है. 2014 में उनके रिश्तेदारों के खिलाफ दर्ज केस की जांच पूरी हो चुकी थी, चार्जशीट दाखिल हो गई और ट्रायल भी लगभग पूरा हो चुका है. इसके बावजूद उन पर लगातार रेड और गिरफ्तारियां हो रही हैं.

ED राजनीतिक प्रतिशोध का हथियार

सिंह ने अशोक मित्तल के यहां ED की रेड का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें ले जाने से पहले परिसर को तोड़ दिया गया. उन्होंने आरोप लगाया कि ED पार्टी और उसके प्रमुख बिना किसी ठोस वजह के AAP नेताओं को परेशान कर रहे हैं. संजय सिंह ने कहा कि ED का इस्तेमाल राजनीतिक दलों को नियंत्रित करने और विपक्षी नेताओं को दबाने के लिए किया जा रहा है. उन्होंने केंद्र सरकार से सवाल किया कि क्या ED केवल विपक्षी दलों के खिलाफ ही सक्रिय है?

Leave a Reply