PM मोदी के खिलाफ टिप्पणी करने वाली छात्रा ने मांगी माफी, बोली- ‘मुझसे गलती हुई’; प्रधानमंत्री ने कहा- सबको माफ किया
नई दिल्ली। दिल्ली के जंतर-मंतर पर 23 जुलाई को हुए प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में नया घटनाक्रम सामने आया है। इस मामले में आरोपी बताई जा रही छात्रा रुचिका सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह हाथ जोड़कर देशवासियों से माफी मांगती दिखाई दे रही है। वीडियो में छात्रा खुद को 15 वर्ष की बताते हुए कहती है कि वह दूसरों के प्रभाव में आकर ऐसी बातें बोल गई, जिसका उसे अब पछतावा है।
वीडियो में जताया पछतावा
वायरल वीडियो में रुचिका सिंह कहती है कि वह दोस्तों के साथ कनॉट प्लेस घूमने के बाद जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन में पहुंची थी। उसके अनुसार, वहां मौजूद कुछ लोगों के प्रभाव में आकर उसने प्रधानमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया। छात्रा ने कहा कि उसका व्यवहार गलत था और वह अपनी इस गलती के लिए पूरे देश से क्षमा मांगती है। उसने इसे अपनी पहली और आखिरी गलती बताते हुए भरोसा दिलाया कि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा नहीं होगी।
प्रधानमंत्री के बयान के बाद सामने आया माफीनामा
रुचिका का यह वीडियो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस बयान के कुछ घंटों बाद सामने आया, जिसमें उन्होंने कहा था कि प्रदर्शन के दौरान उनके और उनकी दिवंगत मां के खिलाफ अपशब्द कहने वाले छात्रों को उन्होंने माफ कर दिया है। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर साझा संदेश में कहा था कि युवाओं को अपनी गलतियों से सीखने और आगे बढ़ने का अवसर मिलना चाहिए।
रुचिका के खिलाफ दर्ज हुई थी जीरो एफआईआर
इस मामले में 29 जुलाई को नोएडा के एक्सप्रेसवे थाना क्षेत्र में रुचिका सिंह के खिलाफ जीरो एफआईआर दर्ज की गई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि उसने प्रधानमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग कर संवैधानिक पद की गरिमा को ठेस पहुंचाने और माहौल बिगाड़ने की कोशिश की। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच के लिए इसे दिल्ली के पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने को भेज दिया।
पुलिस ने की पूछताछ
जानकारी के मुताबिक, रुचिका सिंह अपनी मां के साथ नोएडा की एक हाउसिंग सोसाइटी में रहती है। बताया जा रहा है कि घटना के बाद से उसका फ्लैट बंद मिला है। पुलिस ने सोसाइटी पहुंचकर सुरक्षाकर्मियों और अन्य लोगों से पूछताछ भी की है। मामले की जांच जारी है।
एफआईआर पर कॉकरोच जनता पार्टी की प्रतिक्रिया
प्रदर्शन से जुड़े संगठन कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने एफआईआर दर्ज किए जाने पर आपत्ति जताई है। पार्टी के प्रवक्ता सौरव दास ने कहा कि आपत्तिजनक भाषा का समर्थन नहीं किया जा सकता, लेकिन इस तरह की टिप्पणियों पर आपराधिक मामला दर्ज करना अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता से जुड़े सवाल खड़े करता है। उनका कहना है कि यदि किसी को आपत्ति है तो वह मानहानि जैसी कानूनी प्रक्रिया का सहारा ले सकता है, लेकिन आपराधिक कार्रवाई उचित नहीं मानी जानी चाहिए।
फिलहाल, छात्रा के माफीनामे और प्रधानमंत्री के बयान के बाद यह मामला राजनीतिक और सामाजिक चर्चा का विषय बना हुआ है, जबकि पुलिस कानूनी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।
