खेलो इंडिया संवाद में PM मोदी करेंगे युवाओं से संवाद, 1,500 से ज्यादा जगहों पर जुटेंगे खिलाड़ी और युवा
नई दिल्ली: राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के अवसर पर 27 अगस्त को देशभर में ‘खेलो इंडिया संवाद – खेल की बात, प्रधानमंत्री के साथ’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस देशव्यापी पहल के तहत 1,500 से अधिक स्थानों पर युवाओं, खिलाड़ियों और शिक्षण संस्थानों को जोड़ा जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कॉल के माध्यम से युवाओं को संबोधित करेंगे, जबकि खेल जगत की कई दिग्गज हस्तियां युवाओं से सीधे बातचीत करेंगी।
युवाओं को विचार और अनुभव साझा करने का मिलेगा मौका
इस कार्यक्रम में IIT, IIM, NIT, AIIMS, प्रमुख मेडिकल कॉलेज और विश्वविद्यालयों समेत कई बड़े शिक्षण संस्थान हिस्सा लेंगे। इसका उद्देश्य युवाओं, खिलाड़ियों और नीति-निर्माताओं के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है। प्रतिभागियों को खेलों से जुड़े अपने अनुभव, सुझाव और नए विचार साझा करने का अवसर मिलेगा।
चार अहम मुद्दों पर होगी चर्चा
कार्यक्रम में युवाओं के साथ खेल और युवा विकास से जुड़े चार प्रमुख विषयों पर चर्चा होगी। इनमें जमीनी स्तर पर बेहतर खेल सुविधाएं, कोचिंग और अवसर उपलब्ध कराकर खेल इकोसिस्टम को मजबूत करना शामिल है।
दूसरे विषय के तहत वैज्ञानिक तरीके से प्रतिभाओं की पहचान और खिलाड़ियों के विकास पर जोर दिया जाएगा, ताकि 2036 ओलंपिक के लिए मजबूत प्रतिभाओं को तैयार किया जा सके।
तीसरे विषय में युवा नेतृत्व और शासन-प्रशासन में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने पर चर्चा होगी। वहीं चौथे विषय में विकसित भारत के निर्माण के लिए युवाओं के सशक्तिकरण, जरूरी स्किल्स, वॉलंटियरिंग और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका पर विचार किया जाएगा।
कार्यक्रम से मिलने वाले सुझावों को नीति-निर्माताओं और खेल व्यवस्था तक पहुंचाने की योजना है, ताकि युवाओं के जमीनी अनुभवों और उनकी अपेक्षाओं को नीतियों से जोड़ा जा सके।
पीएम मोदी का होगा विशेष संबोधन
कार्यक्रम की शुरुआत ‘माई भारत’ के स्वयंसेवकों के स्वागत भाषण से होगी। इसके बाद एक विशेष वीडियो के जरिए पिछले 12 वर्षों में भारत के खेल इकोसिस्टम में हुए बदलावों को दिखाया जाएगा। स्वतंत्रता दिवस के दौरान खेल और युवा शक्ति पर प्रधानमंत्री मोदी के संदेश की प्रमुख बातों को भी प्रस्तुत किया जाएगा।
इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से देशभर के युवाओं को संबोधित करेंगे। पीएम के संबोधन के बाद 1,500 से अधिक स्थानों पर स्थानीय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
खेल जगत की कई बड़ी हस्तियां होंगी शामिल
कार्यक्रम में मनिका बत्रा, दीपा करमाकर, साइना नेहवाल, गगन नारंग, श्रीजेश, मैरी कॉम, बाइचुंग भूटिया, पुलेला गोपीचंद, अंजू बॉबी जॉर्ज, कर्णम मल्लेश्वरी, मीराबाई चानू और पी.टी. उषा जैसी प्रमुख खेल हस्तियां युवाओं से संवाद करेंगी। क्रिकेट जगत के जाने-माने खिलाड़ी भी कार्यक्रम का हिस्सा बनेंगे।
खिलाड़ी युवाओं के साथ अपनी सफलता की यात्रा, संघर्ष, असफलताओं और चुनौतियों के अनुभव साझा करेंगे। इसका उद्देश्य युवाओं को प्रेरित करना और उन्हें यह संदेश देना है कि हर चैंपियन की शुरुआत छोटे स्तर से होती है।
सांसद और मंत्री भी करेंगे युवाओं से संवाद
कार्यक्रम में सांसद, विधायक, केंद्रीय मंत्री, राज्य मंत्री और विभिन्न राज्यों के खेल मंत्री भी शामिल होंगे। ये जनप्रतिनिधि युवाओं से बातचीत कर चार प्रमुख विषयों पर उनके विचार और सुझाव जानेंगे।
इसके अलावा ‘विकसित भारत युवा लीडर संवाद’ क्विज का आयोजन भी किया जाएगा। युवाओं को ‘माई भारत’ पोर्टल पर पंजीकरण के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा, ताकि वे इस एकदिवसीय कार्यक्रम तक सीमित न रहें और लंबे समय तक चलने वाले राष्ट्रीय युवा जुड़ाव अभियान का हिस्सा बन सकें।
