PM मोदी ने मिलाद-उन-नबी और ओणम पर दी शुभकामनाएं, बोले- दया और एकजुटता की भावना हमारा मार्गदर्शन करे

PM मोदी ने मिलाद-उन-नबी और ओणम पर दी शुभकामनाएं, बोले- दया और एकजुटता की भावना हमारा मार्गदर्शन करे

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार, 26 अगस्त को मिलाद-उन-नबी के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर संदेश साझा करते हुए उम्मीद जताई कि यह अवसर समाज में एकजुटता और खुशियों को बढ़ावा देगा। पीएम मोदी ने लोगों से दयालु बनने और समाज के प्रति योगदान देने की भावना को बनाए रखने की अपील भी की।

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संदेश में कहा, “ईद मुबारक! मिलाद-उन-नबी के मौके पर मुबारकबाद। मुझे आशा है कि यह अवसर हमारे चारों ओर एकजुटता और प्रसन्नता को बढ़ाएगा। समाज में योगदान देने और दयालु रहने की भावना हमेशा हमारा मार्गदर्शन करे।”

PM मोदी ने ओणम पर भी दी बधाई

मिलाद-उन-नबी के साथ ही बुधवार को ओणम का त्योहार भी मनाया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को ओणम की भी शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह शानदार त्योहार खुशी, एकजुटता और समृद्धि की भावना को मजबूत करता है।

पीएम मोदी ने ‘एक्स’ पर लिखा, “आप सभी को ओणम की बहुत-बहुत शुभकामनाएं। यह शानदार त्योहार पूरी दुनिया में बड़े उत्साह के साथ मनाया जाता है। यह त्योहार खुशी, एकजुटता और समृद्धि की भावना को और मजबूत करे। आप सभी के लिए ओणम शानदार हो।”

क्यों मनाया जाता है मिलाद-उन-नबी?

मिलाद-उन-नबी इस्लाम धर्म के प्रमुख अवसरों में से एक है। इसे पैगंबर हजरत मुहम्मद के जन्मदिवस की याद में मनाया जाता है। इस अवसर पर लोग पैगंबर साहब की शिक्षाओं और उनके बताए दया, न्याय, भाईचारे और मानवता के संदेश को याद करते हैं।

क्यों मनाया जाता है ओणम?

ओणम केरल का प्रमुख सांस्कृतिक और फसल उत्सव है। यह त्योहार समृद्धि, खुशहाली और सामुदायिक एकता का प्रतीक माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, ओणम के दौरान राजा महाबली अपनी प्रजा से मिलने के लिए लौटते हैं। केरल समेत देश-विदेश में इसे पारंपरिक उत्साह और उल्लास के साथ मनाया जाता है।

Leave a Reply