शोभित विश्वविद्यालय गंगोह में एनसीसी यूनिट में ‘बी’ एवं ‘सी’ सर्टिफिकेट के लिए भर्ती प्रक्रिया का आयोजन
गंगोह। शोभित विश्वविद्यालय गंगोह में गुरुवार, 10 सितंबर 2026 को एनसीसी के ‘बी’ और ‘सी’ सर्टिफिकेट के लिए भर्ती प्रक्रिया का आयोजन किया गया। भर्ती में विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों से करीब 150 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। इनमें ‘बी’ सर्टिफिकेट के लिए 100 और ‘सी’ सर्टिफिकेट के लिए 50 अभ्यर्थी शामिल रहे।
भर्ती प्रक्रिया के दौरान अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता, लिखित परीक्षा और साक्षात्कार के आधार पर चयन किया गया। पुरुष अभ्यर्थियों के लिए 800 मीटर दौड़, 40 सिट-अप और 40 पुश-अप, जबकि महिला अभ्यर्थियों के लिए 400 मीटर दौड़, 20 सिट-अप और 20 पुश-अप निर्धारित किए गए थे। इसके अलावा लिखित परीक्षा 50 अंकों की रही तथा साक्षात्कार में सफल होना भी चयन के लिए आवश्यक रहा। शॉर्टलिस्ट किए गए चयनित अभ्यर्थियों का परिणाम आगामी दो दिनों में घोषित किया जाएगा।

भर्ती प्रक्रिया के आयोजन में 86 यूपी बटालियन, सहारनपुर की महत्वपूर्ण भूमिका रही। बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल अंशुल वर्मा ने सभी अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं दीं। वहीं, सहारनपुर से पहुंचे एडीएम ऑफिसर कर्नल मयंक धस्माना, एसएम नीरज सिंह, एसएम संजय भट्ट, जेसीओ गुरुभाम सिंह, एचवी संजय सिंह और एचवी केशव छेत्री तथा शोभित विश्वविद्यालय गंगोह के असिस्टेंट प्रोफेसर एवं सीटीओ अनिल जोशी ने भर्ती प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न कराया।
इस अवसर पर शोभित विश्वविद्यालय गंगोह के कुलपति प्रो. (डॉ.) बूटा सिंह सिद्धू और कुलसचिव प्रो. (डॉ.) महिपाल सिंह ने आयोजन से जुड़े अधिकारियों एवं आयोजकों को शुभकामनाएं दीं।

कुलपति प्रो. (डॉ.) बूटा सिंह सिद्धू ने कहा कि एनसीसी युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, देशभक्ति और सेवा भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि एनसीसी विद्यार्थियों को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाने के साथ-साथ उनमें जिम्मेदारी, टीम भावना और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध भी विकसित करता है।
