सेवा और समर्पण के 25 वर्ष पूरे होने पर भाजपा चलाएगी सेवा संकल्प अभियान

सेवा और समर्पण के 25 वर्ष पूरे होने पर भाजपा चलाएगी सेवा संकल्प अभियान

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक होंगे विभिन्न कार्यक्रम, कार्यशाला में अभियान की रूपरेखा पर हुई चर्चा

सहारनपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा और समर्पण के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी की ओर से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत विभिन्न सेवा और जनसरोकार से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसकी तैयारियों को लेकर भाजपा जिला कार्यालय पर कार्यशाला आयोजित कर अभियान की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता भाजपा के क्षेत्रीय महामंत्री हरीश ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा और समर्पण के 25 वर्ष पूरे होने पर पार्टी कार्यकर्ताओं की ओर से पूरे एक माह विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान ‘आशीर्वाद दिया, सपनों का भारत’, ‘नमो सेवा स्मरण’, ‘आनंद उत्सव’, ‘25 साल-25 कहानी बदलाव की’, ‘विकसित यात्रा’, ‘25 साल सेवा ज्योति’, ‘वडनगर से वाराणसी यात्रा’, ‘सेवा में मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान’, ‘रंगोली राष्ट्र’, ‘जन सेवक महाकुंभ’ तथा ‘पंचायत से पार्लियामेंट तक’ जैसे कार्यक्रम होंगे।

उन्होंने बताया कि सभी अभियानों के सफल संचालन के लिए जनप्रतिनिधियों के साथ संयोजक और सह संयोजकों की नियुक्ति की गई है।

भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह राणा ने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से कार्यक्रमों की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अभियान को सफल बनाने के लिए पूरी सक्रियता के साथ जुटने का आह्वान किया।

महानगर अध्यक्ष शीतल बिश्नोई ने कार्यशाला की प्रस्तावना रखी। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री बृजेश सिंह, पूर्व सांसद प्रदीप चौधरी, विधायक मुकेश चौधरी, विधायक राजीव कुमार, विधायक देवेंद्र निम, विधान परिषद सदस्य श्रीचंद शर्मा, भाजपा क्षेत्रीय उपाध्यक्ष विजेंद्र कश्यप, पूर्व मंत्री संजय गर्ग, महापौर डॉ. अजय सिंह, पूर्व विधायक रविंद्र कुमार, नरेश सैनी, पूर्व जिलाध्यक्ष अमित गगनेज, हेमंत अरोड़ा, डीसीडीएफ चेयरमैन सोमेंद्र राणा, क्षेत्रीय कार्यकारिणी सदस्य कृष्ण चंद्र, संजय राणा, अजय त्यागी, सेवा संकल्प अभियान संयोजक किशोर चौधरी, योग चुग समेत मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी, ब्लॉक प्रमुख और जिला पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply