राजकीय मेडिकल कॉलेज में बीएससी नर्सिंग के विद्यार्थियों का शपथ ग्रहण समारोह, डीएम ने दिया सेवा और संवेदनशीलता का संदेश
डीएम अरविंद कुमार चौहान बोले- मरीजों के साथ सहानुभूतिपूर्ण और सौम्य व्यवहार करें, सेवा और समर्पण को बनाएं जीवन का आधार
सहारनपुर, 3 नवंबर। एसएमएमएच राजकीय मेडिकल कॉलेज, सहारनपुर में मंगलवार को राजकीय नर्सिंग कॉलेज के बीएससी नर्सिंग के छात्र-छात्राओं के लिए भव्य शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नवप्रवेशित विद्यार्थियों को नर्सिंग पेशे की गरिमा, सेवा, समर्पण और मानवीय मूल्यों के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का संकल्प दिलाया गया।
कार्यक्रम का आयोजन राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुधीर राठी और राजकीय नर्सिंग कॉलेज के प्राचार्य डॉ. कमलेश दीक्षित के मार्गदर्शन में किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान शामिल हुए। विशिष्ट अतिथियों में मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुधीर राठी और पीजीआईएमईआर चंडीगढ़ की नर्सिंग कॉलेज प्राचार्य डॉ. सुखपाल कौर मौजूद रहीं। वहीं मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रदीप कुमार और उप-प्रधानाचार्य डॉ. देवेंद्र कुमार वोहरा विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
मरीजों के साथ संवेदनशील व्यवहार जरूरी: डीएम
जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने अपने संबोधन में कोविड महामारी के दौरान स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा किए गए कार्यों को याद किया। उन्होंने कहा कि चिकित्सा सेवा केवल पेशा नहीं, बल्कि मानवता की सेवा का माध्यम है। अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज के साथ सहानुभूतिपूर्ण और सौम्य व्यवहार किया जाना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को सेवा, समर्पण, अनुशासन और मानवीय मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।
प्रेम, परिश्रम और परोपकार को अपनाने का संदेश
मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुधीर राठी ने विद्यार्थियों को प्रेम, परिश्रम और परोपकार के सिद्धांतों को जीवन में आत्मसात करने की सलाह दी। वहीं पीजीआईएमईआर चंडीगढ़ की नर्सिंग कॉलेज प्राचार्य डॉ. सुखपाल कौर ने शपथ के महत्व और उसके वास्तविक अर्थ को समझाया। उन्होंने विद्यार्थियों को शपथ का पूरी निष्ठा से पालन करने तथा मरीजों और नर्सिंग पेशे से जुड़े अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया।
राजकीय नर्सिंग कॉलेज के प्राचार्य डॉ. कमलेश दीक्षित ने नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं को नए शैक्षणिक सफर की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सभी विद्यार्थी नर्सिंग पेशे की गरिमा बनाए रखते हुए पूरी ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें।
समारोह में राजकीय नर्सिंग कॉलेज के उप प्राचार्य डॉ. सुरेंद्र शर्मा, मेडिकल कॉलेज की मैट्रन संजीता दास, इंदू, प्रज्ञा चतुर्वेदी, निधि बिश्नोई, अनिंदिता त्रिपाठी, डॉ. संजय सिंगोदिया, एलिसा महतो, दीपक, सत्यवीर सिंह, सर्वेंद्र प्रताप और सज्जन कुमार सहित कॉलेज के शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
