सहारनपुर में 5 और 6 नवंबर को लगेगा दिव्यांगजनों का दीपावली मेला, खरीदारी कर बढ़ाएं उनका हौसला
बचपन डे केयर सेंटर में लगेगा दो दिवसीय मेला, दिव्यांग बच्चों की बनाई हस्तकला और दीपावली की सामग्रियों के लगेंगे स्टॉल
सहारनपुर, 3 नवंबर। दीपावली के अवसर पर दिव्यांगजनों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से सहारनपुर में दो दिवसीय दीपावली मेले का आयोजन किया जाएगा। यह मेला 5 और 6 नवंबर को हकीकत नगर स्थित बचपन डे केयर सेंटर में आयोजित होगा।
मुख्य विकास अधिकारी डॉ. सुनील कुमार वर्मा ने बताया कि मेले में विभागीय विद्यालयों, संस्थाओं और विभाग में पंजीकृत स्वैच्छिक संस्थाओं की ओर से स्टॉल लगाए जाएंगे। इन स्टॉलों पर दिव्यांग छात्र-छात्राओं द्वारा तैयार किए गए चित्र, हस्तकला से जुड़ी वस्तुएं और दीपावली पर्व के लिए बनाई गई विभिन्न सामग्रियां बिक्री के लिए उपलब्ध रहेंगी।
मेले में आने वाले लोगों के बच्चों के मनोरंजन के लिए झूले और अन्य खेल उपकरणों की भी व्यवस्था की जाएगी, जिससे बच्चे मेले का आनंद उठा सकेंगे।
मुख्य विकास अधिकारी डॉ. सुनील कुमार वर्मा ने जनपदवासियों से मेले में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की है। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों द्वारा तैयार की गई सामग्रियों की खरीदारी कर उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करें। इससे उन्हें आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा।
