BJP की इस चुनाव में हार पर CJP का रिएक्शन, अभिजीत दीपके बोले- ‘अब…’
कॉकरोच जनता पार्टी के नेता अभिजीत दीपके ने बीजेपी पर गोकुल डेयरी चुनाव में हार को लेकर निशाना साधा है. दीपके ने कहा है कि अगर वे डेयरी चुनाव के लिए इतना नीचे गिर सकते हैं तो विधानसभा चुनाव में क्या हो. दरअसल महाराष्ट्र की गोकुल डेयरी में चुनाव हारने के बाद सरकार के अध्यादेश से महायुति के राजेश पाटिल अध्यक्ष बन गए हैं.
कॉकरोच जनता पार्टी की हालिया प्रेस कॉन्फ्रेंस में दीपके ने बीजेपी पर हमला बोला है. सीजेपी ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा, ”गोकुल डेयरी चुनाव हारने के बाद, बीजेपी ने चुनाव नियमों को बदलने और जीत पक्की करने के लिए एक अध्यादेश ले आई. अगर वे डेयरी चुनाव के लिए इतना नीचे गिर सकते हैं, तो विधानसभा और लोकसभा चुनावों के लिए वे और कितना नीचे गिर सकते हैं?”
”दूध डेयरी के चुनाव तो छोड़ दो”
दीपके ने कहा, ”कोल्हापुर में जो हुआ, गोकुल में. जहां पर ये लोग चुनाव हार जाते हैं, वहां पर ये क्या करते हैं. चुनाव हारने के बाद एक अध्यादेश निकालते हैं और चार मेंबर अप्वाइंट करते हैं. ताकि जो चुनाव ये हार गए, उस चुनाव में हारने के बाद भी इनका कॉपरेशन बन जाए. आप सोचिए जो लोग एक दूध डेयरी का चुनाव भी नहीं छोड़ रहे हैं हाईजैक करने में वो स्टेट लेवल इलेक्शन में और लोकसभा इलेक्शन में क्या-क्या करते होंगे. शर्म आनी चाहिए इनको, दूध डेयरी के चुनाव में भी ये लोग चोरी कर रहे हैं. अरे दूध डेयरी का चुनाव तो रहने दो, वहां पर भी आपको क्यों डाका डालना है. इस देश में डेमोक्रेसी नाम की चीज नहीं बची है.”
बता दें अक्टूबर 2026 में गोकुल डेयरी के चुनाव के बाद अध्यक्ष पर लेकर बीजेपी और विपक्ष के बीच विवाद हो गया है. 25 निदेशकों के चुनाव में कांग्रेस समर्थित गुट को 13 सीटें और बीजेपी समर्थित महायुति गुट क 12 सीटें मिली हैं. बीजेपी के चुनाव हारने के बावजूद कांग्रेस के सतेज पाटिल को अध्यक्ष नहीं बनाया गया है बल्कि सरकार के अध्यादेश के बाद महायुति के राजेश पाटिल अध्यक्ष बने हैं.
