नकुड़ पुलिस, स्वाट, एसओजी व सर्विलांस टीम की पशु चोरों से मुठभेड़
सहारनपुर। थाना नकुड़ पुलिस, स्वाट, एसओजी एवं सर्विलांस टीमों ने संयुक्त रूप से अंतर्राज्यीय पशु चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए मुठभेड़ के दौरान छह शातिर पशु चोरों को गिरफ्तार कर लिया। जबकि एक बदमाश फरार होने में सफल रहा। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की 15 भेड़, नगदी एवं घटना में प्रयुक्त छोटा हाथी व मोटरसाइकिल बरामद करने में सफलता हासिल कर ली।
पुलिस लाईन के नवीन सभागार में पत्रकारों को जानकारी देते एसपी ग्रामीण ने मयंक पाठक ने बताया कि नकुड़ अतिरिक्त निरीक्षक सुभाष चंद, एसओजी प्रभारी निरीक्षक राजीव सक्सेना, उपनिरीक्षक देवेंद्र अधाना, स्वाट टीम के उपनिरीक्षक नीरज पंवार, स्वाट टीम के उपनिरीक्षक अक्षय शर्मा व उपनिरीक्षक रणवीर शर्मा के नेतृत्व में संयुक्त कार्यवाही करते हुए अंतर्राज्यीय पशु चोर गिरोह के छह शातिर पशु चोरों शोएब अंसारी पुत्र उमरदीन, प्रदीप पुत्र सुगना, छोटू उर्फ छोटन पुत्र श्याम सिंह व मोहित पुत्र राजवीर निवासीगण मंडलाना थाना मंगलौर उत्तराखंड, नबी हसन उर्फ सुक्का पुत्र हनीफ निवासी मौहल्ला रैदासपुरी गांधी नगर कस्बा बनत थाना शामली, सलीम पुत्र भूरा निवासी पठान चैक मौहल्ला बाजीगरान डासना थाना वेबसिटी जिला गाजियाबाद व इनके साथ साथी को अम्बेहटा गंगोह मार्ग पर रोकने का प्रयास किया तो एक बदमाश ने पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग करते हुए फरार हो गया। जबकि अन्य छह को अम्बेहटी के पास घेरकर पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई 15 भेड़, 5 हजार रूपए की नगदी, घटना में प्रयुक्त छोटा हाथी व एक मोटरसाइकिल बरामद कर ली। दबोचे गए आरोपियों ने पुलिस को पूछताछ के दौरान बताया कि हम सबने मिलकर 15/16 जून की रात्रि में ग्राम नल्हेड़ा के जंगल स्थित एक बाड़े से 20 भेड़ चोरी की थी। पुलिस ने आरोपियों का चालान काटकर जेल भेज दिया।
