मिर्जापुर पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान घायलावस्था में दबोचा एक शातिर गौकश
सहारनपुर। थाना मिर्जापुर पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान एक शातिर गौकश को घायलावस्था में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अवैध असलाह, एक जिंदा गौवंश व नगदी बरामद कर ली। मिली जानकारी थाना मिर्जापुर पुलिस थाना प्रभारी विनोद कुमार व उपनिरीक्षक अवशेष भाटी के नेतृत्व में देर रात्रि शेरपुर पुलिया के पास संदिग्ध व्यक्तियों/वाहनों की चैकिंग कर रही थी।
इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि प्याजगढ़ पुलिया के पास स्थित आम के बाग में एक व्यक्ति गौकशी करने की फिराक में है। जैसे ही पुलिस मुखबिर के बताए स्थान प्याजगढ़ की पुलिया स्थित आम के बाग के पास पहुंची तो देखा कि वहां एक व्यक्ति गौवंश को पेड़ में बांधकर गौकशी करने का प्रयास कर रहा है। पुलिस को अपने नजदीक आता देख गौकशी करने वाले व्यक्ति ने पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से फायर झोंकं दिया। पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ फायरिंग की जिसमें बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया जिसे पुलिस ने बल प्रयोग कर गिरफ्तार कर लिया।
दबोचे गए घायल गौकश की पहचान बिलाल पुत्र मंजूर निवासी ग्राम मिर्जापुर पोल थाना मिर्जापुर के रूप में हुई। पुलिस ने गौकश के कब्जे से एक देशी तमंचा मय दो जिंदा व दो खोखा कारतूस 315 बोर, एक जिंदा गौवंश, गौकशी के उपकरण एवं 600 रूपए की नगदी बरामद कर ली। दबोचा गया गौकश शातिर किस्म का अपराधी है जिसके खिलाफ थाना मिर्जापुर गौकशी सहित अनेक संगीन धाराओं में लगभग 10 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
