सहारनपुर मंडल को मिला पहला सरकारी विश्वविद्यालय आधारित स्टार्टअप इनक्यूबेटररू विमला वाई

सहारनपुर मंडल को मिला पहला सरकारी विश्वविद्यालय आधारित स्टार्टअप इनक्यूबेटररू विमला वाई
सहारनपुर में पत्रकारों से वार्ता करते मां शाकुम्भरी विवि के एमएसयू एकेडमिक फाउंडेशन के पदाधिकारी।

सहारनपुर। माँ शाकुम्भरी विश्वविद्यालय के एमएसयू एकेडमिक फाउंडेशन के अंतर्गत संचालित अम्बिका एमएसयू इनक्यूबेशन सेंटर को उत्तर प्रदेश सरकार के स्टार्टइनयूपी कार्यक्रम के तहत इनक्यूबेटर की मान्यता और परिचालन व्यय प्रोत्साहन की स्वीकृति मिली है।

इस उपलब्धि को लेकर सोमवार को विश्वविद्यालय परिसर में पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। पत्रकार वार्ता में महापौर एवं फाउंडेशन के स्वतंत्र निदेशक डॉ. अजय कुमार, कुलपति प्रो. विमला वाई, कुलसचिव एवं फाउंडेशन निदेशक तथा सीईओ अभिनव पुंडीर ने अम्बिका की उपलब्धियों और आगामी योजनाओं की जानकारी दी। बताया गया कि फाउंडेशन ने शिक्षण संस्थानों, उद्योगों, विशेषज्ञों, स्थानीय संस्थाओं और स्टार्टअप्स के साथ 27 सहयोग एवं समझौते किए हैं। अम्बिका ने पिचिंग कार्यक्रम, स्टार्टअप प्रदर्शनियों, नवाचार एवं उद्यमिता कार्यक्रमों तथा उत्पाद लॉन्च के माध्यम से स्टार्टअप्स को बाजार से जोड़ने का प्रयास किया है। अम्बिका का मॉडल विचार से उत्पाद और उत्पाद से बाजार तक स्टार्टअप को सहयोग देने पर केंद्रित है। इसके लिए व्यवसाय, वित्त, कानून, तकनीक, उद्योग, निवेश और अन्य क्षेत्रों के विशेषज्ञों का मार्गदर्शक नेटवर्क भी तैयार किया गया है। केंद्र का विशेष फोकस एआई एवं मशीन लर्निंग, आईटी, फिनटेक, स्वास्थ्य एवं जैव प्रौद्योगिकी, कृषि तकनीक, खाद्य प्रसंस्करण, शिक्षा और सामाजिक उद्यमिता पर रहेगा।

बताया गया कि अम्बिका के आवेदन को 22 जून 2026 को परियोजना क्रियान्वयन इकाई की बैठक में स्वीकृति मिली थी। इसके बाद 27 अगस्त को लखनऊ के लोक भवन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में अम्बिका एमएसयू को लेटर ऑफ कम्फर्ट प्रदान किया गया। इसी कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश स्टार्टअप नीति-2026 की पुस्तिका का विमोचन और स्टार्टअप मिशन पोर्टल का शुभारंभ भी हुआ। इस मान्यता के साथ अम्बिका एमएसयू सहारनपुर मंडल का पहला सरकारी विश्वविद्यालय आधारित स्टार्टइनयूपी मान्यता प्राप्त इनक्यूबेटर बन गया है। एमएसयू एकेडमिक फाउंडेशन की स्थापना जून 2025 में हुई थी और जुलाई 2025 में अभिनव पुंडीर को सीईओ नियुक्त किया गया था।

महापौर डॉ. अजय कुमार ने कहा कि अब लक्ष्य सफल स्टार्टअप तैयार करना है, जो निवेश आकर्षित करने के साथ रोजगार के अवसर पैदा करें और सहारनपुर को प्रदेश के स्टार्टअप मानचित्र पर मजबूत पहचान दिलाएं। कुलपति प्रो. विमला वाई. ने कहा कि युवाओं को अपने विचारों को उद्यम में बदलने के लिए महानगरों की ओर जाने की आवश्यकता न पड़े, इसके लिए स्थानीय स्तर पर मजबूत संस्थागत सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।

Leave a Reply