नकुड़ में भूमि विवाद: अधिवक्ता समेत कई लोगों पर कब्जे के प्रयास, चोरी और धमकी के आरोप

नकुड़ में भूमि विवाद: अधिवक्ता समेत कई लोगों पर कब्जे के प्रयास, चोरी और धमकी के आरोप
  • गाजियाबाद निवासी ज्ञान सिंह ने उत्तर प्रदेश बार काउंसिल और प्रशासन को भेजी शिकायत; निष्पक्ष जांच एवं परिवार की सुरक्षा की मांग

सहारनपुर/नकुड़। गाजियाबाद निवासी ज्ञान सिंह ने उत्तर प्रदेश बार काउंसिल और संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को शिकायत देकर सहारनपुर के एक अधिवक्ता और उसके सहयोगियों पर भूमि पर अवैध कब्जा करने का प्रयास, जान से मारने की धमकी, ताला तोड़कर सामान चोरी करने तथा गाली-गलौज करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।

शिकायत के अनुसार, ज्ञान सिंह का व्यावसायिक भवन और कृषि भूमि खसरा संख्या 831 एवं 831M, नकुड़-गंगोह मुख्य मार्ग स्थित ग्राम कुल्हेड़ी, थाना नकुड़ में है। उनका आरोप है कि अधिवक्ता पंकज कुमार, प्रमोद कुमार और उनके अन्य सहयोगी कथित रूप से भूमि पर कब्जा करने के उद्देश्य से उन्हें लगातार धमकियां दे रहे हैं।

ज्ञान सिंह ने शिकायत में आरोप लगाया है कि संबंधित लोगों ने उनके व्यावसायिक परिसर का ताला तोड़कर वहां रखी लोहे की चादरें, जनरेटर, कारपेट, बर्तन, सीढ़ी, पंखे और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। चोरी हुए सामान की कीमत लाखों रुपये बताई गई है।

शिकायतकर्ता के अनुसार, 22 जुलाई 2026 को कुछ लोगों ने मौके पर निर्माण कार्य कर रहे मजदूरों और मिस्त्रियों को डराकर काम रुकवाने का प्रयास किया। विरोध करने पर मजदूरों तथा शिकायतकर्ता को जान से मारने और भूमि पर जबरन कब्जा करने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है।

ज्ञान सिंह का कहना है कि 23 जुलाई 2026 को वह अपनी पत्नी के साथ मौके पर पहुंचे थे। वहां मौजूद कई लोगों ने कथित रूप से उन्हें घेर लिया और हमला करने का प्रयास किया। वह किसी तरह मौके से निकलकर थाना नकुड़ पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी।

शिकायतकर्ता ने संबंधित अधिवक्ता और उसके सहयोगियों पर पहले भी भूमि विवाद तथा कब्जे जैसी गतिविधियों में शामिल रहने का आरोप लगाया है। उन्होंने उत्तर प्रदेश बार काउंसिल से शिकायत करते हुए अधिवक्ता के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग की है।

ज्ञान सिंह ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषी पाए जाने वाले लोगों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

Leave a Reply