चौबीस घंटे कांवड़ यात्रा की नजर रखी जा रही है रिजर्व पुलिस लाईन स्थित अत्याधुनिक कांवड़ कंट्रोल रूम से
सहारनपुर। श्रावण मास यात्रा को सकुशल, सुरक्षित एवं व्यवस्थित रूप से सम्पन्न कराए जाने के उद्देश्य से जनपद पुलिस द्वारा रिजर्व पुलिस लाईन में स्थापित अत्याधुनिक कांवड़ कंट्रोल रूम से सम्पूर्ण कांवड़ा मार्ग एवं जनपद की कानून-व्यवस्था पर चैबीस घंटे सतत् निगरानी रखी जा रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार इस कंट्रोल रूम में स्थापित हाई रिजाॅल्यूशन सीसीटीवी कैमरे, ड्रोन फीड, प्रमुख चैराहों, संवेदनशील स्थलों एवं कांवड़ मार्गों पर लगाए गए कैमरों के माध्यम से प्रत्येक गतिविधि पर लगातार नजर रखी जा रही है। प्रशिक्षित पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी आधुनिक संचार प्रणाली के माध्यम से तत्काल विश्लेषण कर आवश्यक दिशा-निर्देश संबंधित अधिकारियों एवं पुलिस बल को उपलब्ध करा रहे हैं। पुलिस के अनुसार किसी भी स्थान पर यातायात का दबाव, जाम, संदिग्ध गतिविधि, आपातकालीन स्थित अथवा कानून-व्यवस्था से जुड़ी सूचना प्राप्त होते ही कंट्रोल रूम से सम्बंधित थाना, यातायात पुलिस, क्यूआरटीर, पीआरवी-112 तथा ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों को तत्काल सूचित कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। कंट्रोल रूम से जनपद के सभी थाना क्षेत्रों, यातायात व्यवस्था, डायवर्जन, पार्किंग स्थलों, कांवड़ शिविरों एवं संवेदनशील बिंदुओं की निरंतर माॅनिटरिंग की जा रही है, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा यात्रा सुचारू एवं सुरक्षित बनी रहे। एसएसपी द्वारा समय-समय पर कंट्रोल रूम का निरीक्षक कर माॅनिटरिंग व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं ताकि प्रत्येक सूचना पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
