ऑल इंडिया कराटे चैंपियनशिप में सहारनपुर के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन, जीते सात पदक

ऑल इंडिया कराटे चैंपियनशिप में सहारनपुर के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन, जीते सात पदक
लुधियाना में आयोजित तीसरी ऑल इंडिया कराटे पंजाब ओपन कप चैंपियनशिप में पदक जीतने वाले बीएल मार्शल आर्ट्स अकादमी के खिलाड़ी एवं प्रशिक्षक।

पंजाब ओपन कप में बीएल मार्शल आर्ट्स अकादमी के खिलाड़ियों ने लहराया परचम, सहारनपुर लौटने पर हुआ जोरदार स्वागत

सहारनपुर। पंजाब के लुधियाना में आयोजित तीसरी ऑल इंडिया कराटे पंजाब ओपन कप चैंपियनशिप में सहारनपुर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सात पदक अपने नाम किए। बीएल मार्शल आर्ट्स अकादमी के खिलाड़ियों ने विभिन्न आयु वर्गों में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए जिले के साथ उत्तर प्रदेश का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता से लौटने पर सभी पदक विजेता खिलाड़ियों का जोरदार स्वागत किया गया।

अकादमी के अध्यक्ष नन्द किशोर ने बताया कि लुधियाना स्थित अग्र नगर कम्युनिटी सेंटर में प्रतियोगिता का आयोजन द ग्रेट स्कूल ऑफ मार्शल आर्ट्स एवं वर्ल्ड मॉडर्न शोतोकान कराटे फेडरेशन इंडिया की पंजाब यूनिट के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।

गणेशा ने जीता स्वर्ण पदक, अन्य खिलाड़ियों ने भी दिखाया दम

प्रतियोगिता में अकादमी के खिलाड़ी गणेशा ने जूनियर वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल कर स्वर्ण पदक जीता। वहीं आरजू ने महिला जूनियर वर्ग में कांस्य पदक प्राप्त किया। महिला सब-जूनियर वर्ग में इशिका यादव ने भी पदक हासिल किया।

पुरुष जूनियर वर्ग में योगेश प्रताप सिंह ने तृतीय स्थान प्राप्त कर कांस्य पदक अपने नाम किया। इसके अलावा सीनियर महिला वर्ग में निधि, समरीन और शैली ने अपने-अपने वर्ग में कांस्य पदक जीतकर अकादमी की उपलब्धियों में इजाफा किया।

प्रशिक्षकों को प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित

प्रतियोगिता के आयोजक सेंसेई गौरव सचदेवा ने अकादमी के अध्यक्ष नन्द किशोर एवं पुष्कर सिंह पुंडीर को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

वहीं, सहारनपुर पहुंचने पर पदक विजेता खिलाड़ियों का उत्साहपूर्वक स्वागत किया गया। अकादमी की प्रबंधक अनुराधा, कोषाध्यक्ष रीटा, राजकुमार, सुरेश कुमार, संदीप कश्यप, अमित, प्रदीप, धनीपाल और कन्हैया ने खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की यह उपलब्धि अन्य युवाओं को भी खेलों के प्रति प्रेरित करेगी।

Leave a Reply