सहारनपुर में विरासत उत्सव मेले की धूम, 70 से अधिक महिला उद्यमियों ने लगाए स्टॉल
शाकुंतलम वेलफेयर सोसाइटी ने महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा देने के लिए किया आयोजन, खरीदारी के लिए उमड़ी भीड़
सहारनपुर। महिला सशक्तीकरण और स्थानीय महिला उद्यमियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से शाकुंतलम वेलफेयर सोसाइटी द्वारा नारी शक्ति मिशन के अंतर्गत सहारनपुर क्लब में विरासत उत्सव मेले के तीसरे संस्करण का आयोजन किया गया। मेले में सहारनपुर सहित विभिन्न जिलों और प्रदेशों से पहुंचीं 70 से अधिक महिला उद्यमियों ने अपने उत्पादों के स्टॉल लगाए। प्रदर्शनी में खरीदारी के लिए महिलाओं की खासी भीड़ उमड़ी।
मेले का उद्घाटन हरिद्वार की प्रमुख महिला उद्यमी एवं फार्माहर्ब की डायरेक्टर मानसी विरमानी ने फीता काटकर किया। इसके बाद सहारनपुर क्लब के सचिव हेमंत जोशी, उपसचिव जोरबीर सिंह (बन्नी), शाकुंतलम वेलफेयर सोसाइटी के संस्थापक अध्यक्ष शरद भार्गव, अध्यक्ष वैभव गुप्ता, संरक्षक विश्वजीत पुंडीर और डॉ. राहुल सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर प्रदर्शनी का शुभारंभ किया।
ज्वेलरी, बुटीक और हर्बल उत्पादों के स्टॉल बने आकर्षण का केंद्र
विरासत उत्सव मेले में सहारनपुर, शामली, यमुनानगर, पंचकूला, मोहाली, फगवाड़ा और चंडीगढ़ से आई महिला उद्यमियों ने अपने उत्पाद प्रदर्शित किए। करवाचौथ और दीपावली से जुड़ी सजावटी वस्तुओं के साथ ज्वेलरी, बेकरी उत्पाद, बुटीक, साड़ियां, तौलिये, हीटिंग पैड, हर्बल उत्पाद और मिलेट्स से बने खाद्य पदार्थों के स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहे।
मेले में पहुंची महिलाओं ने विभिन्न स्टॉलों पर जमकर खरीदारी की और स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद लिया। पारंपरिक एवं आधुनिक उत्पादों के संगम ने प्रदर्शनी को खास बनाया। आयोजन के माध्यम से महिला उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और व्यवसाय को आगे बढ़ाने का अवसर मिला।
महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना आयोजन का मुख्य उद्देश्य
शाकुंतलम वेलफेयर सोसाइटी के संस्थापक अध्यक्ष शरद भार्गव ने बताया कि विरासत उत्सव मेले के तीसरे संस्करण का मुख्य उद्देश्य महिला व्यवसायियों को प्रोत्साहित करना, उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और नई पीढ़ी को अपनी कला एवं संस्कृति से जोड़ना है।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन महिलाओं को अपनी प्रतिभा और उद्यमशीलता प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच प्रदान करते हैं। साथ ही प्रदेश सरकार के महिला सशक्तीकरण के संकल्प को साकार करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
आयोजन में इनकी रही मौजूदगी
इस अवसर पर मेले के आयोजक शेखर ठकराल, नंद किशोर तलवार, अरविंद शर्मा, सुबोध खनिजों, तमन्ना खनिजों, गगनदीप, जसलीन कौर, आनंद गुप्ता, डॉ. हरिओम गुप्ता, मांगे राम गुप्ता, बिजेंद्र त्रिपाठी और गोपाली चोपड़ा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन संदीप शर्मा ने किया।
