इम्पैक्ट इंडिया समिट 2026 में मांगेराम कश्यप सम्मानित, महर्षि कश्यप ज्ञान आश्रम को मिला देशभर में 23वां स्थान
शिक्षकों के सहयोग, समर्पण और मार्गदर्शन से बच्चों को मिलते हैं संस्कार: मांगेराम कश्यप
सहारनपुर। दिल्ली में आयोजित इम्पैक्ट इंडिया समिट 2026 के अंतर्गत ‘श्रेष्ठ एनजीओ सम्मान पुरस्कार’ समारोह में महर्षि कश्यप ज्ञान आश्रम, पिलखनी को समाजसेवा के क्षेत्र में देशभर में 23वां स्थान प्राप्त हुआ। इस उपलब्धि के लिए आश्रम के संस्थापक मांगेराम कश्यप को सम्मानित किया गया। यह सम्मान विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बच्चों में भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों और संस्कारों के विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों के लिए प्रदान किया गया।
महर्षि कश्यप ज्ञान आश्रम के संस्थापक मांगेराम कश्यप ने सम्मान मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि बच्चों को अच्छी शिक्षा देने के साथ उनमें नैतिक मूल्यों और संस्कारों का विकास करना भी बेहद जरूरी है। शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि बच्चों को जिम्मेदार नागरिक बनाना भी है।
शिक्षकों के योगदान को बताया महत्वपूर्ण
मांगेराम कश्यप ने इस उपलब्धि का श्रेय आश्रम से जुड़े शिक्षकों को देते हुए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के सहयोग, समर्पण और मार्गदर्शन से ही बच्चों को शिक्षा के साथ अच्छे संस्कार देने के उद्देश्य को मजबूती मिलती है।
उन्होंने कहा कि शिक्षक बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनके मार्गदर्शन से बच्चों में अनुशासन, नैतिकता, सामाजिक जिम्मेदारी और भारतीय संस्कृति के प्रति सम्मान की भावना विकसित होती है।
मांगेराम कश्यप ने सभी सहयोगी शिक्षकों के योगदान की सराहना करते हुए उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के सामूहिक प्रयासों से ही संस्था समाजसेवा और शिक्षा के क्षेत्र में अपने उद्देश्यों को आगे बढ़ा रही है।
