देवबंद में दो पक्षों के बीच बलवा और पथराव मामले में बड़ी कार्रवाई, 15 आरोपी गिरफ्तार

देवबंद में दो पक्षों के बीच बलवा और पथराव मामले में बड़ी कार्रवाई, 15 आरोपी गिरफ्तार
देवबंद के गांव साखन कला में बलवा और पथराव के मामले में गिरफ्तार 15 आरोपियों के साथ पुलिस टीम।

साखन कला गांव में लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से हुआ था संघर्ष, पुलिस ने 19 नामजद समेत अन्य अज्ञात के खिलाफ दर्ज किया था मुकदमा

सहारनपुर/देवबंद। देवबंद कोतवाली क्षेत्र के गांव साखन कला में दो पक्षों के बीच हुए बलवे और पथराव के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 15 वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सभी आरोपियों को गांव के रेलवे फाटक के पास से गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद जेल भेज दिया। इस मामले में दोनों पक्षों के कुल 19 लोगों को नामजद करते हुए अन्य अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।

लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से हुआ था संघर्ष

जानकारी के अनुसार, रविवार को उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार ने कोतवाली देवबंद में लिखित तहरीर देकर बताया था कि गांव साखन कला में दो पक्षों के लोग हाथों में लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर लेकर एक-दूसरे पर हमला कर रहे थे। दोनों ओर से निशाना साधकर पथराव किया जा रहा था, जिससे गांव में अफरा-तफरी मच गई।

अचानक हुए इस संघर्ष से ग्रामीणों में भय का माहौल पैदा हो गया और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

पुलिस ने तहरीर के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 191(1), 191(2), 115(2), 352, 351(3) तथा 7 सीएल एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया था। इसमें प्रथम पक्ष के 13 और दूसरे पक्ष के छह लोगों सहित कुल 19 आरोपियों को नामजद किया गया था।

रेलवे फाटक के पास से दबोचे गए आरोपी

सोमवार को प्रभारी निरीक्षक संदीप बालियान, वरिष्ठ उपनिरीक्षक सोमनाथ राय, उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार, अरुण कुमार और रौबिल्स कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए मुकदमे में वांछित 15 आरोपियों को साखन कला रेलवे फाटक के पास से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में प्रथम पक्ष के वहील पुत्र जाहिद, शहजाद पुत्र सगीर अहमद, शहनवाज पुत्र जमील, जैद पुत्र फुरकान, आसिफ पुत्र जाहिद, नफीस पुत्र बसीर, सालिक पुत्र भूरा, साकिब पुत्र जमीर, गुलफान अहमद पुत्र शरीफ अहमद, शाहरुख पुत्र मुन्तियाज, कुशनूर पुत्र शमशाद, जुनैद पुत्र शमशाद और सुहैल पुत्र हाशिफ शामिल हैं।

इसके अलावा दूसरे पक्ष के भाविश पुत्र सतीश और सतीश पुत्र बारू को भी गिरफ्तार किया गया है। सभी आरोपी ग्राम साखन कला, थाना देवबंद क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।

पुलिस ने गिरफ्तार सभी 15 आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेज दिया है।

Leave a Reply