मतदेय स्थलों के समायोजन पर राजनीतिक दलों ने जताई सहमति, एक बूथ पर अधिकतम 1200 मतदाता

मतदेय स्थलों के समायोजन पर राजनीतिक दलों ने जताई सहमति, एक बूथ पर अधिकतम 1200 मतदाता
कैंप कार्यालय सभागार में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ मतदेय स्थलों के समायोजन एवं विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की समीक्षा करते जिलाधिकारी अरविन्द कुमार चौहान।

जिला निर्वाचन अधिकारी अरविन्द कुमार चौहान ने राजनीतिक दलों के साथ की बैठक, मतदाता सूची में पारदर्शिता और पात्र नागरिकों के शत-प्रतिशत पंजीकरण पर दिया जोर

सहारनपुर। आगामी विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम और विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के मतदेय स्थलों के पुनर्गठन को लेकर सोमवार को जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी अरविन्द कुमार चौहान की अध्यक्षता में कैंप कार्यालय सभागार में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदेय स्थलों के प्रस्तावित परिवर्तन एवं समायोजन पर चर्चा हुई, जिस पर सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने संतुष्टि जताते हुए अपनी सहमति व्यक्त की।

प्रत्येक मतदेय स्थल पर होंगे अधिकतम 1200 मतदाता

जिलाधिकारी अरविन्द कुमार चौहान ने बताया कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रत्येक मतदेय स्थल पर मतदाताओं की अधिकतम संख्या 1200 निर्धारित की गई है। इसी आधार पर मतदेय स्थलों का समायोजन किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची के शुद्धिकरण और मतदेय स्थलों के पुनर्गठन की प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता बरती गई है।

उन्होंने कहा कि मतदाताओं की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए यह सुनिश्चित किया गया है कि किसी भी मतदाता को अपने मतदेय स्थल तक पहुंचने के लिए दो किलोमीटर से अधिक दूरी तय न करनी पड़े। इसके अलावा सभी मतदेय स्थल भूतल पर स्थित हों, इसका भी विशेष ध्यान रखा गया है।

18 वर्ष पूरे करने वाले युवाओं का भरवाएं फॉर्म-6

जिला निर्वाचन अधिकारी ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से अपील की कि वे पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने, त्रुटियों को दूर कराने और सूची को अद्यतन बनाने में सक्रिय सहयोग दें। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता बनने से वंचित नहीं रहना चाहिए।

बैठक में बताया गया कि 1 जनवरी 2027 के साथ ही 1 अप्रैल, 1 जुलाई और 1 अक्टूबर 2027 की अर्हता तिथियों पर 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा भी मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए अग्रिम आवेदन कर सकते हैं।

जिलाधिकारी ने विशेष रूप से 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं, महिलाओं, दिव्यांगजनों और समाज के कमजोर वर्गों का शत-प्रतिशत मतदाता पंजीकरण सुनिश्चित कराने पर जोर दिया।

निर्धारित समय में पूरी करें निर्वाचन संबंधी कार्रवाई

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन का कड़ाई से पालन करते हुए सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे किए जाएं। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण की प्रक्रिया व्यवस्थित, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से संपन्न कराई जाए।

बैठक में नगर मजिस्ट्रेट कुलदीप सिंह, संबंधित उप जिलाधिकारी, समाजवादी पार्टी से चौधरी अब्दुल गफूर, अपना दल से राजकुमार, भाजपा से योग चुग और विपिन चौधरी सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply