अखिलेश यादव के बचाव में आए इमरान मसूद, सपा चीफ की कर दी तारीफ, कहा- बीजेपी की दुखती नस…’

अखिलेश यादव के बचाव में आए इमरान मसूद, सपा चीफ की कर दी तारीफ, कहा- बीजेपी की दुखती नस…’

समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बीजेपी पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाएं हैं. अब इन आरोपों पर सियासत तेज हो गई है. अखिलेश के आरोपों का कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने बचाव किया है और कहा कि उन्होंने बीजेपी की ‘दुखती रग’ पर हाथ रख दिया है, जिससे बीजेपी बौखला गई है. अखिलेश यादव ने एक्स पर एक बड़े पोस्ट में BJP पर आरोप लगाया कि था उसने धर्म और चंदे के नाम पर भ्रष्टाचार को संस्थागत रूप दे दिया है.

उन्होंने कहा था कि एक सच्चा देशभक्त बीजेपी के इस ‘अपराधीकरण’ का पर्दाफाश करेगा और उसका सामाजिक व राजनीतिक रूप से बहिष्कार करेगा. उन्होंने कहा था कि ‘चढ़ावा-चंदा-दान चोरी’ की क्रोनोलॉजी के बजाय भगवा पार्टी की ‘आपराधिक कार्यप्रणाली’ (क्रिमिनोलॉजी) को समझना चाहिए.

इमरान मसूद ने कहा- बीजेपी की दुखती नस दबाई

अखिलेश यादव के बयान पर कांग्रेस सांसद ने मीडिया से बातचीत में कहा,”अखिलेश जी ने दुखती नस दबाई है, बीजेपी को परेशानी ये है कि चोट वहां कर दी है, जहां दर्द बर्दाश्त नहीं हो रहा है. जब कोई आदमी दर्द बर्दाश्त नहीं कर पाता, तो वह तरह-तरह की उल्टी-सीधी बातें करने लगता है. ठीक यही हो रहा है, और कुछ नहीं.”

राहुल गांधी के कार्यक्रम पर क्या बोले?

इसके अलावा मसूद ने देहरादून में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के ‘स्टूडेंट्स की गूंज’ कार्यक्रम पर भी बात की. इस कार्यक्रम पर कांग्रेस सांसद ने कहा, “मैं देहरादून को जानता हूं. मुझे नहीं लगता कि वहां ऐसा कोई स्कूल का ग्राउंड है इस लायक है. जहां इतना बड़ा कार्यक्रम हो सके. परेड ग्राउंट इसी के लिए है, तमाम रैली, धरना प्रदर्शन वहीं होता है. स्कूल ग्राउंड में कोई हादसा हुआ तो जिम्मेदार प्रशासन होगा.”

बता दें कि देहरादून जिला प्रशासन ने परेड ग्राउंड में 17 जुलाई को होने वाले कांग्रेस नेता राहुल गांधी के ‘स्टूडेंट्स की गूंज’ कार्यक्रम की अनुमति रद्द कर दी है. कांग्रेस ने इसका विरोध किया तो प्रशासन ने इस कार्यक्रम को बन्नू स्कूल ग्राउंड में आयोजित करने की अनुमति दे दी. इसपर कांग्रेस का कहना है कि ग्राउंड काफी छोटा होने से कोई अप्रिय घटना हो सकती है.