14 वर्ष तक की बालिकाओं के लिए एचपीवी वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित: सीएमओ
- सहारनपुर में आयोजित कार्यक्रम में सीएमओ का सम्मान करते चिकित्सक।
सहारनपुर। शहर के बाल रोग एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ चिकित्सकों की मासिक बैठक में एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान को लेकर चिकित्सकों ने जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया।
दिल्ली रोड स्थित एक होटल केशवागर में आयोजित बैठक संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि सीएमओ डॉ. प्रवीण कुमार ने कहा कि 14 वर्ष तक की बालिकाओं के लिए एचपीवी वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित है। उन्होंने कहा कि टीकाकरण को लेकर फैलाई जा रही अफवाहों से लोगों को बचना चाहिए तथा चिकित्सक समुदाय को आगे आकर सही जानकारी देनी चाहिए। उन्होंने सरकारी अभियान में निजी चिकित्सकों की सक्रिय भागीदारी की आवश्यकता भी बताई।
मुख्य वक्ता डॉ. महेश गोयल ने कहा कि एचपीवी वैक्सीन सही उम्र में लगवाना जरूरी है। यह सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम में लगभग 90 प्रतिशत तक प्रभावी है। डॉ. डी.के. तिवारी ने बताया कि भारत में महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर मृत्यु का एक प्रमुख कारण है और एचपीवी संक्रमण के कुछ मामलों में गंभीर बीमारियां विकसित हो सकती हैं। आईएपी अध्यक्ष डॉ. रविकांत निरंकारी ने आश्वासन दिया कि निजी चिकित्सक सरकारी टीकाकरण कार्यक्रम में पूरा सहयोग देंगे तथा अभिभावकों तक सही जानकारी पहुंचाने में मदद करेंगे। बैठक में फॉगसी अध्यक्ष डॉ. पूनम त्यागी, सचिव डॉ. भारती कालरा, डॉ. दीपा अनेजा, डॉ. नूतन उपाध्याय, दिल्ली से आईं डॉ. तुहिना सहित अनेक चिकित्सकों ने अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में शहर के बड़ी संख्या में बाल रोग एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ उपस्थित रहे।
