विद्युत भार बढ़ाकर उपभोक्ताओं का शोषण कर रही है सरकार: भाकियू रक्षक

विद्युत भार बढ़ाकर उपभोक्ताओं का शोषण कर रही है सरकार: भाकियू रक्षक
सहारनपुर के नागल में पत्रकारों से वार्ता करते भाकियू रक्षक के अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह।

नागल। भारतीय किसान यूनियन रक्षक के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह ने कहा कि सरकार विद्युत भार बढ़ाकर उपभोक्ताओं का शोषण कर रही है। उनकी पार्टी घरेलू उपभोक्ताओं पर विद्युत के बढ़े भार का विरोध करेगी। भाकियू रक्षक के अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह आज कस्बा नागल स्थित संगठन के कैंप कार्यालय कार्यालय पर पत्रकारों के साथ वार्ता कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि पहले विभाग में सभी घरेलू उपभोक्ताओं को 1 किलोवाट का कनेक्शन निर्धारित किया गया था जिसे बढ़ाकर दो किलोवाट कर दिया गया था, परंतु अब सरकार ने हद पार करते हुए इसे बढ़ाकर 3 किलोवाट कर दिया है। इससे विद्युत बिल का बढ़ना निश्चित है। इससे उपभोक्ताओं आर्थिक बोझ पड़ेगा। उन्होंने विभाग से मांग करते हुए कहा कि यह निर्णय विभाग को वापस लेना चाहिए ताकि हर उपभोक्ता समय से अपना बिल चुका सके। उन्होंने कहा कि यदि विभाग इस निर्णय को वापस नहीं लेता तो भाकियू रक्षक विद्युत विभाग के खिलाफ महापंचायत कर इसका विरोध करेगा।

उन्होंने कहा कि विद्युत विभाग की विजिलेंस टीम छापेमारी के नाम पर उपभोक्ताओं को परेशान कर रही है। जबकि प्रशासन को यह भी जानकारी है कि क्षेत्र के बजाज हिन्दुस्थान शुगर मिल पर किसानों के अभी भी और अरबों रुपए बकाया है। उन्होंने विजिलेंस टीम की कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए कहा कि जब तक शुगर मिल उनके गन्ने का भुगतान नहीं करता, तब तक विभाग को विजिलेंस टीम की कार्रवाई पर रोक लगानी चाहिए। उन्होंने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उनकी समस्या का समाधान नहीं किया जाता तो आगामी दिवस में विद्युत विभाग के खिलाफ एक बड़ी पंचायत की जाएगी। वार्ता के दौरान मंडल अध्यक्ष अमित ओहलान व ब्लाक अध्यक्ष शाहबान अली मौजूद रहे।