प्रयागराज में राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को मिली मंजूरी, इन शर्तों के साथ हटाया गया प्रतिबंध

प्रयागराज में राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को मिली मंजूरी, इन शर्तों के साथ हटाया गया प्रतिबंध

नई दिल्ली: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रयागराज दौरे का रास्ता साफ हो गया है। छात्रों के साथ संवाद के लिए 8 अगस्त को प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को एक बार फिर अनुमति मिल गई है। पहले रद्द की गई इजाजत को वापस लेते हुए केपी ट्रस्ट ने कुछ शर्तों के साथ कार्यक्रम आयोजित करने की मंजूरी दे दी है।

इससे पहले इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश का हवाला देते हुए केपी ग्राउंड की अनुमति निरस्त कर दी गई थी। हालांकि, अब केपी ट्रस्ट के कार्यवाहक अध्यक्ष चौधरी जितेंद्र नाथ सिंह ने जिला प्रशासन की ओर से मिली अनुमति के आधार पर कार्यक्रम को सशर्त स्वीकृति दे दी है। ट्रस्ट ने कहा है कि कांग्रेस पार्टी तय नियमों और शर्तों का पालन करते हुए कार्यक्रम आयोजित कर सकती है।

शर्तों के साथ मिली अनुमति

अनुमति मिलने के बाद अब राहुल गांधी का छात्रों से संवाद कार्यक्रम 8 अगस्त को केपी ग्राउंड में आयोजित होगा। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने केपी ट्रस्ट को लिखित आश्वासन दिया है कि कार्यक्रम के दौरान खेल मैदान और परिसर की पूरी सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही मैदान के केवल उतने हिस्से का उपयोग किया जाएगा, जिससे छात्रों की खेल गतिविधियों में किसी तरह की बाधा न आए।

उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया है कि कार्यक्रम के दौरान इलाहाबाद हाईकोर्ट या किसी अन्य न्यायालय के किसी भी आदेश का उल्लंघन नहीं होगा। स्कूल परिसर का उपयोग नहीं किया जाएगा और यदि कार्यक्रम के कारण खेल मैदान को किसी प्रकार का नुकसान पहुंचता है तो उसकी भरपाई की जाएगी।

ट्रस्ट ने वापस लिया फैसला

अजय राय ने अपने पत्र में यह भी स्पष्ट किया है कि छात्रों से संवाद का यह कार्यक्रम पूरी तरह गैर-व्यावसायिक है और इससे हाईकोर्ट के 14 अगस्त 2025 के आदेश का उल्लंघन नहीं होगा। वहीं, कार्यक्रम की अनुमति दोबारा मिलने के बाद कांग्रेस ने केपी ट्रस्ट के खिलाफ मुआवजे की मांग वाला पत्र भी वापस ले लिया है।

गौरतलब है कि इससे पहले केपी ट्रस्ट ने हाईकोर्ट के आदेश का हवाला देते हुए राहुल गांधी के कार्यक्रम की अनुमति रद्द कर दी थी। इस फैसले को लेकर राजनीतिक विवाद भी तेज हो गया था। अजय राय ने तब आरोप लगाया था कि ट्रस्ट पर सरकार का दबाव है और कहा था कि राहुल गांधी का कार्यक्रम हर हाल में आयोजित किया जाएगा।

Leave a Reply