यूपी के युवाओं के लिए सुनहरा मौका, घर बैठे मुफ्त में सीखें AI, मिलेगा सर्टिफिकेट भी
कानपुर। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के बढ़ते महत्व और रोजगार के नए अवसरों को देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने युवाओं के लिए एक विशेष पहल शुरू की है। उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन (UPSDM) के माध्यम से प्रदेश के युवाओं और आम नागरिकों को निशुल्क ऑनलाइन एआई प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे वे घर बैठे आधुनिक तकनीक की जानकारी हासिल कर सकेंगे।
उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के जिला समन्वयक एवं आईटीआई प्रधानाचार्य हरीश मिश्रा ने बताया कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम छात्रों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों, नौकरीपेशा लोगों और तकनीक में रुचि रखने वाले युवाओं के लिए बेहद उपयोगी साबित होगा।
मात्र तीन घंटे में मिलेगा एआई का बुनियादी ज्ञान
इस ऑनलाइन प्रशिक्षण कार्यक्रम की अवधि लगभग तीन घंटे निर्धारित की गई है। कोर्स के दौरान प्रतिभागियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मूल अवधारणाओं, इसके उपयोग और विभिन्न क्षेत्रों में इसकी संभावनाओं की जानकारी दी जाएगी।
प्रशिक्षण पूरा होने के बाद प्रतिभागियों का ऑनलाइन मूल्यांकन किया जाएगा। परीक्षा में सफल होने वाले अभ्यर्थियों को उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन और ओरेकल यूनिवर्सिटी की ओर से संयुक्त प्रमाण पत्र भी प्रदान किया जाएगा।
रोजगार और करियर के लिए लाभदायक
अधिकारियों का कहना है कि वर्तमान समय में एआई तकनीक तेजी से विभिन्न क्षेत्रों में उपयोग की जा रही है। ऐसे में इस तकनीक की बुनियादी समझ युवाओं के लिए रोजगार और करियर के नए अवसर खोल सकती है। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम युवाओं के कौशल विकास और डिजिटल सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
ऐसे करें पंजीकरण
इस मुफ्त ऑनलाइन प्रशिक्षण का लाभ लेने के इच्छुक अभ्यर्थी उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर पंजीकरण कर सकते हैं। रजिस्ट्रेशन के बाद प्रशिक्षण तत्काल शुरू किया जा सकता है, जिससे प्रतिभागी अपनी सुविधा के अनुसार घर बैठे कोर्स पूरा कर सकेंगे।
प्रदेश सरकार की इस पहल का उद्देश्य युवाओं को भविष्य की तकनीकों से जोड़ना और उन्हें डिजिटल युग की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करना है।
