मालवीय नगर में 21 लोग जिंदा जले, राहुल गांधी कांग्रेस कार्यकर्ताओं से बोले- ‘तुरंत मदद करें’

मालवीय नगर में 21 लोग जिंदा जले, राहुल गांधी कांग्रेस कार्यकर्ताओं से बोले- ‘तुरंत मदद करें’

दिल्ली के मालवीय नगर में रेस्टोरेंट में लगी भीषण आग में 21 लोगों की मौत और कई लोगों के घायल होने की घटना पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने गहरा दुख व्यक्त किया है. राहुल गांधी ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं से राहत और बचाव कार्य में हर संभव मदद करने की अपील की है.

राहुल गांधी ने क्या कहा?

राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा, ‘दिल्ली के मालवीय नगर में आग लगने से कई लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है. सभी शोकाकुल परिजनों को मैं अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं. सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आग्रह है कि वे राहत और बचाव कार्य में हर संभव योगदान दें. घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की आशा करता हूं.’

रेस्टोरेंट में लगी थी भीषण आग

बुधवार सुबह मालवीय नगर स्थित एक रेस्टोरेंट में भीषण आग लग गई थी. आग लगने के समय कई लोग इमारत के अंदर फंस गए थे. घटना के बाद दिल्ली फायर सर्विस, दिल्ली पुलिस और अन्य आपातकालीन एजेंसियों ने बड़े पैमाने पर बचाव अभियान चलाया.

40 से अधिक लोगों को सुरक्षित निकाला गया

दक्षिणी दिल्ली के डीसीपी अनंत मित्तल के अनुसार, राहत और बचाव अभियान के दौरान 40 से अधिक लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया. आग पर अब पूरी तरह काबू पा लिया गया है.

पीएम मोदी ने किया मुआवजे का ऐलान

इस हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी शोक व्यक्त किया है. प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से प्रत्येक मृतक के परिजन को 2 लाख रुपये और प्रत्येक घायल को 50 हजार रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की गई है.

अमित शाह और रेखा गुप्ता ने भी जताया दुख

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने घटना को हृदयविदारक बताते हुए मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की. वहीं दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि सरकार स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और सभी प्रभावितों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है.

Leave a Reply