‘पैसे दो, सुरक्षा लो’, होर्मुज पर फ्री-फ्री चिल्लाते रहे ट्रंप, ईरान को शॉक देने के लिए अमेरिका ला रहा VIP पास!
ईरान और अमेरिका के बीच जारी शांति वार्ता के बीच अब ट्रंप प्रशासन स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से जहाजों की आवाजाही सामान्य करने के लिए नए उपायों पर विचार कर रहा है. अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रशासन एक ऐसी योजना पर चर्चा कर रहा है जिसके तहत जहाज मालिक शुल्क देकर अमेरिकी नौसेना की सुरक्षा के साथ होर्मुज से सुरक्षित और तेज़ी से गुजर सकेंगे. इसे अनौपचारिक रूप से “VIP पास” योजना कहा जा रहा है.
अमेरिकी नौसेना की सुरक्षा, लेकिन शुल्क के साथ
रिपोर्ट के अनुसार, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और व्हाइट हाउस चीफ ऑफ स्टाफ सूसी वाइल्स ने अधिकारियों से ऐसे उपाय तलाशने को कहा है जिससे जहाज मालिक दोबारा होर्मुज मार्ग का इस्तेमाल करने के लिए तैयार हों. चर्चा का केंद्र यह है कि बीमा कंपनियों को फिर से जहाजों का बीमा करने के लिए कैसे प्रोत्साहित किया जाए. एक अधिकारी ने बताया कि वर्तमान में होर्मुज से गुजरने वाली अधिकांश समुद्री यात्राएं बीमा नियमों का उल्लंघन मानी जा रही हैं. ऐसे में सवाल यह है कि बीमा कंपनियों को दोबारा कवरेज देने के लिए कैसे तैयार किया जाए.
500 से ज्यादा जहाज अब भी फंसे
कमोडिटी विश्लेषण कंपनी क्लेपर के अनुसार, इस समय फारस की खाड़ी में होर्मुज के बाहर लगभग 500 जहाज खड़े हैं, जिनमें करीब 220 तेल टैंकर शामिल हैं. अमेरिका और ईरान के बीच समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर होने के बावजूद जहाज मालिक अब भी स्थिति को लेकर सतर्क हैं और शांति प्रक्रिया की स्थिरता को लेकर आशंकित हैं.
व्हाइट हाउस का दावा- जल्द सामान्य होगा कारोबार
व्हाइट हाउस की प्रवक्ता टेलर रोजर्स ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप की पहल से होर्मुज पूरी तरह खुल जाएगा और ऊर्जा आपूर्ति जल्द ही युद्ध पूर्व स्तर पर लौटने की उम्मीद है. उन्होंने कहा कि गुमनाम सूत्रों के आधार पर सामने आ रही कई बातें महज अटकलें हैं.
20 प्रतिशत वैश्विक तेल आपूर्ति का अहम रास्ता
युद्ध से पहले दुनिया के लगभग 20 प्रतिशत तेल का परिवहन स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से होता था. लेकिन ईरान द्वारा अमेरिकी और इजरायली हमलों के जवाब में जहाजों पर हमले किए जाने के बाद यह मार्ग लगभग ठप हो गया. इसका असर वैश्विक तेल व्यापार और ईंधन कीमतों पर पड़ा. हालांकि शांति वार्ता शुरू होने के बाद तेल की कीमतें कुछ कम होकर 75 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई हैं, लेकिन वे अभी भी युद्ध शुरू होने से पहले के स्तर से ऊपर हैं.
‘VIP पास’ योजना पर गंभीर चर्चा
सूत्रों के मुताबिक, प्रशासन जहाज मालिकों को अतिरिक्त शुल्क देकर अमेरिकी नौसैनिक सुरक्षा के साथ होर्मुज पार करने का विकल्प देने पर विचार कर रहा है. एक अधिकारी ने कहा कि यह कुछ वैसा ही होगा जैसे जहाज पर ‘VIP पास’ लगाकर उसे प्राथमिकता के साथ सुरक्षित मार्ग दिया जाए. पूर्व प्रशासनिक अधिकारियों का मानना है कि यह प्रस्ताव यूरोपीय देशों को खाड़ी क्षेत्र की समुद्री सुरक्षा में अधिक भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करने की रणनीति का हिस्सा भी है. अमेरिका नहीं चाहता कि क्षेत्रीय समुद्री सुरक्षा का पूरा बोझ केवल उसी पर रहे.
ट्रंप पहले भी टोल वसूली की कर चुके हैं बात
अप्रैल में ट्रंप ने कहा था कि होर्मुज से गुजरने वाले जहाजों से टोल अमेरिका को वसूलना चाहिए, ईरान को नहीं. उन्होंने कहा था, “हम विजेता हैं, फिर शुल्क हम क्यों न लें?” रिपोर्ट के अनुसार, एक अन्य प्रस्ताव के तहत अमेरिकी रक्षा उत्पादन अधिनियम (Defense Production Act) का इस्तेमाल कर अमेरिकी बीमा कंपनियों को होर्मुज से गुजरने वाले जहाजों को बीमा कवरेज देने के लिए बाध्य किया जा सकता है.
मार्च में ट्रंप प्रशासन ने जहाज मालिकों को 20 अरब डॉलर तक की राजनीतिक बीमा सुरक्षा देने की पेशकश भी की थी, लेकिन ईरानी मिसाइलों, ड्रोन और नौकाओं के हमलों के खतरे को देखते हुए अधिकांश कंपनियों ने इसमें रुचि नहीं दिखाई.
शांति वार्ता जारी, लेकिन जहाज मालिक अब भी सतर्क
अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौते की दिशा में बातचीत जारी है, लेकिन जहाज मालिकों और बीमा कंपनियों को अब भी डर है कि यदि समझौता टूट गया तो होर्मुज एक बार फिर वैश्विक ऊर्जा संकट का केंद्र बन सकता है.
