दोस्ती से दुश्मनी.फिर मौत एनकाउंटर में दबोचे गए शिवा के दो हत्यारोपी

दोस्ती से दुश्मनी.फिर मौत एनकाउंटर में दबोचे गए शिवा के दो हत्यारोपी

पैर में गोली लगने के बाद आदित्य और सूर्यांश गिरफ्तार

हत्या कबूली; चौथे आरोपी की तलाश जारी

देवबंद। देवबंद के बहुचर्चित शिवा हत्याकांड में बुधवार को पुलिस को बड़ी सफलता मिली। देवबंद-मंगलौर रोड स्थित बॉर्डर पुलिस चौकी के पास हुई मुठभेड़ में हत्या के दो फरार आरोपी आदित्य राणा और सूर्यांश राणा पुलिस की गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिए गए। पुलिस ने दोनों के कब्जे से तमंचे और कारतूस भी बरामद किए हैं। इससे पहले इस मामले में आरोपी तेजस को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि चौथे आरोपी आकाश की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने करीब 15 दिन पहले हुए विवाद और मारपीट का बदला लेने के लिए शिवा की हत्या करने की बात स्वीकार की है। मुठभेड़ में घायल दोनों आरोपियों को पहले देवबंद सरकारी अस्पताल और बाद में हायर सेंटर रेफर किया गया।

गौरतलब है कि गांधी कॉलोनी निवासी 20 वर्षीय शिवा की हत्या के बाद मंगलवार को देवबंद में भारी बवाल हुआ था। परिजनों और स्थानीय लोगों ने शव रखकर हाईवे जाम कर दिया था। प्रदर्शन के दौरान पुलिस पर पथराव हुआ, जिसके बाद हालात बिगड़ने पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया। इस घटना में कई पुलिसकर्मी और प्रदर्शनकारी घायल हुए थे।

पीड़ित परिवार बोला: आरोपियों को दी जाए फांसी की सजा

बुधवार को भी शिवा के घर शोक जताने वालों का तांता लगा रहा। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उनका कहना है कि उनके बेटे की निर्मम हत्या करने वालों को कानून के तहत ऐसी सख्त सजा मिले, जो समाज के लिए नजीर बने।

रंजिश की आग में बुझ गई एक जिंदगी

महज 15 दिन पहले हुए विवाद ने एक युवा की जान ले ली और दो परिवारों की जिंदगी बदल दी। एक ओर शिवा के घर मातम पसरा है, तो दूसरी ओर आरोपी कानून के शिकंजे में हैं। यह घटना बताती है कि गुस्सा और बदले की भावना का अंत केवल बर्बादी होता है। छोटी-छोटी रंजिशें यदि समय रहते खत्म न हों तो उनका परिणाम पूरे समाज को झकझोर देता है। कानून दोषियों को सजा देगा, लेकिन एक मां की सूनी गोद और परिवार का दर्द कभी नहीं भर सकेगा

फरार आरोपी की तलाश जारी: एसएसपी

एसएसपी अभिनंदन सिंह ने बताया कि हत्या के चार आरोपियों में से तीन गिरफ्तार हो चुके हैं और फरार आरोपी की तलाश जारी है।