पुरानी रंजिश में दोस्तों ने की युवक की हत्या का आरोप, एक गिरफ्तार, दो फरार

पुरानी रंजिश में दोस्तों ने की युवक की हत्या का आरोप, एक गिरफ्तार, दो फरार

देवबंद। देवबंद में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की कथित तौर पर उसके ही दोस्तों द्वारा हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

पुलिस के अनुसार, शिवा 26 जुलाई की रात अपने तीन परिचितों और एक अन्य युवक के साथ घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी और अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसकी निशानदेही पर टीचर्स कॉलोनी के पीछे खेत से शिवा का शव बरामद किया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी पहले शिवा के करीबी दोस्त थे। हालांकि किसी पुराने विवाद के बाद दोनों पक्षों में समझौता हो गया था, लेकिन पुलिस का मानना है कि पुरानी रंजिश खत्म नहीं हुई थी और उसी के चलते सुनियोजित तरीके से हत्या की गई।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ जारी है, जबकि फरार दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर लगातार छापेमारी की जा रही है।

शव रखकर परिजनों ने किया हाईवे जाम, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग

शव बरामद होने के बाद गुस्साए परिजनों ने साईं धाम मंदिर के पास स्टेट हाईवे-59 पर शव रखकर जाम लगा दिया और सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।

इस दौरान चेयरमैन विपिन गर्ग और भाजपा नगर अध्यक्ष अरुण गुप्ता ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन परिजन अपनी मांगों पर अड़े रहे।

बाद में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अभिनंदन सिंह मौके पर पहुंचे और सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिया। काफी देर तक चली वार्ता और पुलिस द्वारा हल्का बल प्रयोग किए जाने के बाद जाम समाप्त कराया गया तथा यातायात सामान्य हो सका।

पुलिस का कहना है कि फरार दोनों आरोपियों की तलाश तेजी से जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।