कार व बाईक की भिड़ंत में बच्ची समेत चार की मौत
सहारनपुर। थाना बिहारीगढ़ क्षेत्रांतर्गत कोठरी-धौला कुआं के बीच हुए एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में एक महिला, उसकी बेटी, बहन तथा ढाई वर्षीय मासूम बच्ची शामिल हैं। हादसे के बाद कार चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना मिर्जापुर निवासी लविश कुमार आज मां बहन और बेटी के साथ बाइक से अपनी ससुराल धौला कुआं से वापस अपने गांव लौट रहा था। इसी बीच एक क्रेटा कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में घायल सभी लोगों को चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। बताया जा रहा है कि दुर्घटना इतनी भीषण थी कि पीड़ितों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। मृतकों की पहचान लविश पुत्र जयपाल (28 वर्ष), श्रीमती दुलारी पत्नी जयपाल (55 वर्ष), संजना उर्फ तन्नू पुत्री जयपाल (19 वर्ष), रूही पुत्री लविश (4 वर्ष) संबंधित परिवार के लोगों ने सभी मृतको की पहचान की थाना मिर्जापुर के ग्राम मलकपुर निवासी हैं।
बताया जाता है शुक्रवार को लविश अपनी मां बहन और बेटी को बाइक से लेकर अपनी ससुराल कोठारी से वापस अपने गांव मलकपुर जा रहा था। जैसे ही वह लोग कोठरी-धौला कुआं के बीच पहुंचे तो क्रेटा कार ने टक्कर मार दी। हादसा होते ही राहगीरों ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और सभी घायलों को लेकर जिला चिकित्सालय पहुंचे जहां चिकित्सकों ने सभी को मृतक घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है तथा क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फरार चालक की तलाश की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
