दो पक्षों के बीच झगड़े में दो घायल, 14 पर प्राथमिकी दर्ज
देवबंद। सांपला रोड पर दो पक्षों के बीच विवाद में दो लोग घायल हो गए। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर 11 नामजद सहित 14 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
मोहल्ला सराय पीरजादगान निवासी अमीर आलम ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि लालवाला गांधी कॉलोनी निवासी तसव्वुर की कोठी में एक लाख 65 हजार रुपये का काम किया था। इसमें तसव्वुर ने उसे 25 हजार रुपये दिए थे। जबकि शेष रकम काम पूरा होने के बाद तय हुआ था। आरोप है कि उसने बेटे जुहैब को तसव्वुर के पास रुपये लेने भेजा था, जिसके साथ आरोपी ने मारपीट की। इसके बाद रात के समय बेटा सांपला बस अड्डे पर खड़ा था। इसी दौरान आरोपी ने अपने साथियों के साथ उसे दबोच लिया और मारपीट की। जिसमें वह घायल हो गया। पुलिस ने तहरीर पर सांपला गांव निवासी तसव्वुर, मुकर्रम, साहिब, अनस और कैफ के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। वहीं, दूसरे पक्ष के दुगचाड़ा गांव निवासी अशोक कुमार ने पुलिस को तहरीर दी है। इसमें सराय पीरजादगान निवासी आदिश, दानिश, सलमान, उस्मान, जुहैब, मोईन और तीन अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। आरोप है कि बाइक की टक्कर को लेकर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की। जिसमें वह घायल हो गया।
