मुठभेड़ में सवा लाख का इनामी बदमाश ढेर

मुठभेड़ में सवा लाख का इनामी बदमाश ढेर
  • सहारनपुर में पुलिस द्वारा मुठभेड़ में ढेर किए गए लल्लन सिंह उर्फ लनन सिंह का फाइल फोटो ।

सहारनपुर। बिहार राज्य का कुख्यात और 1.25 लाख रुपये का इनामी बदमाश लल्लन सिंह उर्फ ललन सिंह सोमवार तड़के सहारनपुर में एसटीएफ और पुलिस की संयुक्त मुठभेड़ में मारा गया। सरसावा-नकुड़ मार्ग पर हुई इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।

मुठभेड़ के दौरान उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस के अनुसार लल्लन सिंह बिहार के समस्तीपुर जिले के मोहिउद्दीननगर थाना क्षेत्र स्थित आनंदगोलवा गांव का निवासी था। वह लंबे समय से उत्तर प्रदेश और बिहार पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था। उसकी गिरफ्तारी पर वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट द्वारा एक लाख रुपये तथा चंदौली पुलिस द्वारा 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

जानकारी के अनुसार रविवार देर रात अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लाल प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम सरसावा-नकुड़ रोड पर चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध बदमाश दिखाई दिए। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा किए जाने पर दोनों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें लल्लन सिंह गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया। घायल बदमाश को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरसावा ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत के चलते जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सहारनपुर डीआईजी अभिषेक सिंह ने बताया कि थाना सरसावा क्षेत्र में एसटीएफ और सहारनपुर पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा यह कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग की थी, जिसके जवाब में की गई कार्रवाई में लल्लन सिंह घायल हुआ और बाद में उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार लल्लन सिंह बेहद खतरनाक अपराधी था। उसके खिलाफ हत्या, बैंक डकैती, कैश वैन लूट, हथियार लूट तथा पुलिसकर्मियों पर हमले समेत कई गंभीर मुकदमे दर्ज थे। उस पर सात हत्याओं के आरोप थे। मृतकों में दो उपनिरीक्षक, एक बैंक कैशियर और एक निजी सुरक्षा गार्ड भी शामिल थे। वर्ष 2022 में वाराणसी में एक उपनिरीक्षक को गोली मारकर उनकी सरकारी पिस्टल लूटने की सनसनीखेज घटना में भी वह वांछित था। इसके अलावा चंदौली में फायरिंग और लूट की कई घटनाओं में भी उसका नाम सामने आया था। पुलिस के मुताबिक वह अपने भाइयों और गैंग के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर कई बड़ी आपराधिक वारदातों को अंजाम दे चुका था। फरार बदमाश की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। अधिकारियों का दावा है कि उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply