दस्तावेज लेखकों का धरना जारी, कार्य बहिष्कार से रजिस्ट्री कार्य प्रभावित, लाखों रूपए के राजस्व की हानि
सहारनपुर। सदर द्वितीय एवं सदर तृतीय रजिस्ट्री कार्यालय को फतेहपुर जट्ट स्थानांतरित किए जाने के प्रस्ताव के विरोध में दस्तावेज लेखक संघ का धरना सोमवार को लगातार छठे दिन भी जारी रहा। संघ के आह्वान पर दस्तावेज लेखकों ने अपने कार्यों से विरत रहते हुए प्रशासन से निर्णय पर पुनर्विचार की मांग की।
दस्तावेज लेखक संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि रजिस्ट्री कार्यालय को फतेहपुर जट्ट स्थानांतरित किए जाने से पक्षकारों को आवागमन में भारी असुविधा का सामना करना पड़ेगा। उनका कहना है कि प्रस्तावित स्थान कलेक्ट्रेट परिसर से लगभग पांच किलोमीटर से अधिक दूरी पर है तथा सुरक्षा और यातायात की दृष्टि से भी उपयुक्त नहीं है। धरने पर बैठे दस्तावेज लेखकों ने कहा कि जब तक शासन एवं प्रशासन उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लेता, तब तक आंदोलन और कार्य बहिष्कार जारी रहेगा। वहीं, दस्तावेज लेखकों के कार्य से विरत रहने के कारण रजिस्ट्री संबंधी कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं।
इस मौके पर उपाध्यक्ष चौधरी उपेंद्र सिंह, कोषाध्यक्ष अशोक पसरीचा, उप कोषाध्यक्ष मोहन कुमार, जिला कोऑर्डिनेटर राकेश कुमार, जिला अध्यक्ष प्रमोद कुमार सेन, राजेंद्र कुमार, असरार अहमद, लक्ष्मी पांडे, नेत्रपाल, धर्मवीर आदि मौजूद रहे।
