किसानों ने की खेतों में गंदे पानी को रोकने की मांग, डीएम को सौंपा ज्ञापन

किसानों ने की खेतों में गंदे पानी को रोकने की मांग, डीएम को सौंपा ज्ञापन
सहारनपुर में जिलाधिकारी को ज्ञापन देने जाते अम्बेहटा पीर के निवासी।

सहारनपुर। कस्बा अम्बेहटा पीर के निवासियों ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर बस्ती के गंदे एवं बरसाती पानी की निकासी खेतों के बजाय तालाबों में कराए जाने तथा बंद पड़ी पुलिया को दुरुस्त कराने की मांग की। इस संबंध में भारतीय किसान यूनियन (भानू) के जिलाध्यक्ष राजू माजरा के नेतृत्व में ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में मौहल्ला गाड़ान निवासी मुनीर पुत्र भूरा ने बताया कि इस्लामनगर रोड स्थित उनके खेत में बस्ती का गंदा और बरसाती पानी पहुंच रहा है, जिससे उनकी फसल लगातार प्रभावित हो रही है। उन्होंने बताया कि खेत के समीप दो तालाब बने हुए हैं, जो वर्तमान में सूखे पड़े हैं। बस्ती के पानी की निकासी के लिए पहले से एक पुलिया निर्मित है, लेकिन उसके बंद होने के कारण पानी तालाबों तक नहीं पहुंच पा रहा और सीधे उनके खेत में भर रहा है। पीड़ित किसान ने प्रशासन से बंद पड़ी पुलिया को ठीक कराकर बस्ती के गंदे एवं बरसाती पानी की निकासी तालाबों में कराने की मांग की, ताकि उनकी फसलों को नुकसान से बचाया जा सके। ज्ञापन देने वालों में भाकियू (भानू) के जिलाध्यक्ष राजू माजरा के अलावा मुनीर, अब्दुल कादिर, अनीस, सनव्वर, जमील, नसीम, मुसीर समेत अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply