विवाहिता की संदिग्ध मौत के मामले में एसएसपी से मिले परिजन
सहारनपुर। थाना सरसावा क्षेत्रांतर्गत गांव छापुर निवासी योगेश कुमार ने अपनी विवाहिता पुत्री की संदिग्ध मौत के मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर पति व ससुराल पक्ष के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि उसकी पुत्री को विवाह के बाद से ही दहेज की अतिरिक्त मांग को लेकर मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था, जिसके चलते उसने कथित रूप से आत्मघाती कदम उठाया।
शिकायत के अनुसार पीड़ित की पुत्री आकांक्षा का विवाह 18 फरवरी 2026 को थाना देवबंद क्षेत्र के गांव मझौल जबरदस्तपुर निवासी जोनी उर्फ जोगिंद्र पुत्र मोहन प्यारे के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुआ था। पिता का आरोप है कि विवाह में अपनी सामथ्र्य के अनुसार दान-दहेज देने के बावजूद ससुराल पक्ष द्वारा कार एवं अन्य सामान की मांग की जाती रही। आरोप है कि मांग पूरी न होने पर विवाहिता के साथ मारपीट तथा दुव्र्यवहार किया जाता था। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष के कुछ सदस्य उसे लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे। उनके अनुसार, 7 जून 2026 को उन्हें सूचना मिली थी कि उनकी पुत्री की तबीयत बिगड़ गई है और उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा है। बाद में उन्हें उसकी मृत्यु की सूचना दी गई। पिता का आरोप है कि उसकी पुत्री की मौत के लिए पति और ससुराल पक्ष जिम्मेदार है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
