आईआईए की प्रथम कार्यकारिणी बैठक में उद्योग हितों और सदस्यता विस्तार पर जोर
- सहारनपुर में आईआईए की बैठक को सम्बोधित करते चैप्टर चेयरम।न
सहारनपुर। इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन चैप्टर की वर्ष 2026-27 की प्रथम कार्यकारिणी बैठक होटल राजमहल में चैप्टर चेयरमैन एस. कुमार अरोड़ा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में संगठन को अधिक सशक्त, सक्रिय और परिणामोन्मुख बनाने के साथ-साथ उद्योगों की समस्याओं के समाधान, सदस्यता विस्तार और औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने पर विस्तार से चर्चा की गई।
चैप्टर चेयरमैन एस. कुमार अरोड़ा ने कहा कि आईआईए का उद्देश्य उद्योगों के हितों की प्रभावी पैरवी करना तथा उद्यमियों की समस्याओं का त्वरित समाधान कराना है। उन्होंने वर्ष 2026-27 में अधिक से अधिक औद्योगिक कार्यक्रम, सेमिनार, कार्यशालाएं और सदस्य हित से जुड़े आयोजन कराने का भरोसा दिलाया। वरिष्ठ उपाध्यक्ष सतीश अरोड़ा ने टीम भावना के साथ कार्य करने, सदस्यता विस्तार, सरकारी योजनाओं की जानकारी और प्रशिक्षण कार्यक्रमों को गति देने पर बल दिया। वहीं, चैप्टर सचिव अनुज कुमार जैन ने पारदर्शिता और समन्वय के साथ संगठनात्मक गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने का संकल्प व्यक्त किया।
पूर्व चैप्टर चेयरमैन अशोक गांधी ने नई टीम को शुभकामनाएं देते हुए उद्योगों की समस्याओं के समाधान, एमएसएमई योजनाओं के लाभ, निर्यात प्रोत्साहन, औद्योगिक आधारभूत सुविधाओं और प्रशासनिक समन्वय पर विशेष ध्यान देने का सुझाव दिया। उपाध्यक्ष परमजीत सिंह ने सदस्यता वृद्धि को वर्ष का प्रमुख लक्ष्य बताया, जबकि संजीव सचदेवा ने नए नेतृत्व से संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का विश्वास जताया। बैठक का संचालन चैप्टर सचिव अनुज कुमार जैन ने किया।
इस अवसर पर आईआईए के वरिष्ठ पदाधिकारियों, पूर्व पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों ने संगठन की भावी कार्ययोजना पर अपने विचार रखे और नई टीम को शुभकामनाएं दीं। बैठक में करीब 50 कार्यकारिणी सदस्यों ने भाग लिया।
