लॉकडाउन के चलते सोमवार को बाजार खुलते ही सामान खरीदने को मची अफरा-तफरी

  • अफरा-तफरी की सूचना से हरकत में आए प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुऐ बंद कराई दुकाने
  • लॉकडाउन के दौरान अब केवल सुबह 6 से 9 बजे तक ही बाजार में खुलेगी आवश्यक वस्तुओं की दुकाने

देवबंद: लॉकडाउन के चलते सोमवार को बाजार खुलते ही सामान खरीदने को मची अफरा-तफरी से हरकत में आए प्रशासन ने सख्ती बरतना शुरू कर दिया है। प्रशासन ने बाजार खोलने संबंधी नया फरमान जारी किया है। लॉकडाउन के दौरान अब केवल सुबह 6 से 9 बजे तक ही बाजार में दुकाने खुल सकेंगी।

कोरोना वायरस के संक्रमण से लोगों को बचाने के लिए छेड़ी गई मुहिम में शासन के आदेश पर प्रशासन ने सख्ती बरतना शुरू कर दिया है। जनता कफ्र्यू के बाद लॉकडाउन किए गए 15 जिलों में सहारनपुर जनपद भी शामिल है। सोमवार को लॉकडाउन के पहले दिन प्रशासन की व्यवस्था ध्वस्त होती नजर आई। क्योंकि केवल किरायाना, केमिस्ट शॉप, दूध आदि आवश्यक वस्तुओं के लिए दुकाने खोलने का आदेश था। परंतु उनकी आड़ में अन्य दुकाने भी बाजारों में खोल दी गई। जिसके चलते बाजारों में भीड़ उमडने से अफरा.तफरी मच गई। अधिकारी तुरंत ही बाजारों की तरफ दौड़ पड़े और सख्ती बरतते हुए बाजारों को बंद कराना शुरू कर दिया। दोपहर बाद तो मेन बाजारए अनाज मंडी, भायला रोड, रेलवे रोड आदि बाजारों में सभी दुकानों को प्रशासन ने बंद करा दिया।

एसडीएम देवेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि बाजारों में लोगों की भीड़ अधिक इकट्ठा न हो इसके लिए आवश्यक वस्तुओं की खरीदारी के लिए समय में परिवर्तन किया गया है। अब बाजार इन आवश्यक वस्तुओं की बिक्री के लिए सिर्फ सुबह 6 से 9 बजे तक ही खोला जा सकेगा। यदि इसके बाद कोई दुकान खुली नजर आई तो प्रशासन उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगा।

 

व्हाट्सएप पर समाचार प्राप्त करने के लिए यंहा टैप/क्लिक करे वीडियो समाचारों के लिए हमारा यूट्यूब चैनल सबस्क्राईब करे