जनसमस्याएं सुनने पहुंचे इमरान मसूद, बिजली चेकिंग को लेकर ग्रामीणों ने उठाई आवाज

जनसमस्याएं सुनने पहुंचे इमरान मसूद, बिजली चेकिंग को लेकर ग्रामीणों ने उठाई आवाज

श्मशानघाट पर टीनशेड की मांग भी उठी, सांसद ने संबंधित अधिकारियों से समाधान के निर्देश दिए

देवबंद। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने शुक्रवार को डाक बंगले पर जनसुनवाई कर क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान बिजली चेकिंग के नाम पर कथित उत्पीड़न का मुद्दा प्रमुखता से सामने आया। ग्रामीणों की शिकायत पर सांसद ने विद्युत निगम के अधिकारियों को मौके पर बुलाकर पूरे मामले की जानकारी ली और समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।

बिजली विभाग से जुड़ी शिकायतों पर सांसद ने एसडीओ संतोष कुमार समेत अन्य अधिकारियों से बातचीत की। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बिजली चेकिंग के दौरान उन्हें अनावश्यक रूप से परेशान किया जा रहा है। उन्होंने सांसद से मामले में हस्तक्षेप कर समस्या का समाधान कराने की मांग की।

वहीं, हसनपुर लोटनी, उमरी, बड़ा बांस, रतनहेड़ी और सिसौनी गांवों से पहुंचे ग्रामीणों ने श्मशानघाट पर टीनशेड लगवाने की मांग रखी। ग्रामीण लाल सिंह मैनवाल ने बताया कि श्मशानघाट पर छाया की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण अंतिम संस्कार के दौरान लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार मांग उठाने के बावजूद अभी तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है।

जनसुनवाई के दौरान पुलिस और तहसील से संबंधित शिकायतें भी सांसद के सामने रखी गईं। इमरान मसूद ने संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर शिकायतों के निस्तारण के निर्देश दिए।

भाजपा पर साधा निशाना

पत्रकारों से बातचीत के दौरान इमरान मसूद ने भाजपा की चुनावी राजनीति पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा हिंदू-मुस्लिम के नाम पर चुनाव लड़ती है, जबकि कांग्रेस इस तरह की राजनीति में विश्वास नहीं करती। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपने दम पर चुनाव मैदान में उतरेगी।

बिहार में भाजपा की सरकार बनने से संबंधित सवाल पर सांसद ने कहा कि केवल कुछ विधायक बन जाने से सरकार नहीं बनती। उन्होंने इस दौरान कांग्रेस की राजनीतिक रणनीति को लेकर भी अपनी बात रखी।

सहारनपुर कलक्ट्रेट परिसर स्थित मस्जिद के ध्वस्तीकरण से जुड़े सवाल पर इमरान मसूद ने प्रतिक्रिया देने से परहेज किया। हालांकि, इससे पहले वह इस मामले में कानूनी लड़ाई लड़ने की बात कह चुके हैं।

Leave a Reply