चिलकाना पुलिस ने लूट की घटना का किया खुलासा, पांच आरोपी गिरफ्तार
लूटी गई नकदी और मोबाइल बरामद, दो चाकू, तमंचा, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल दो मोटरसाइकिलें भी मिलीं
सहारनपुर। थाना चिलकाना पुलिस ने लूट की घटना का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटी गई 4,500 रुपये की नकदी, एक मोबाइल फोन, दो अवैध चाकू, 315 बोर का एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी लूट की घटना को अंजाम देने के बाद फरार होने की फिराक में थे।
पुलिस लाइन सभागार में पत्रकारों को जानकारी देते हुए एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि दो अक्टूबर को मरोड़गढ़ निवासी आवेश पुत्र महफूज ने थाना चिलकाना में तहरीर देकर शिकायत की थी कि अज्ञात मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने उसके साथ मारपीट कर मोबाइल फोन और नकदी लूट ली थी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
एसपी सिटी ने बताया कि थाना प्रभारी अक्षय शर्मा, उपनिरीक्षक भूपेंद्र सिंह और उपनिरीक्षक रवि कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को सुल्तानपुर बाईपास रोड स्थित बंद पड़े ईंट भट्ठे के पास से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उजैफ पुत्र महताब निवासी मरोड़गढ़ थाना चिलकाना, ऋतिक पुत्र राजकुमार और प्रियांशु पुत्र राजपाल निवासी गांव बोंसा थाना सरसावा, फैज पुत्र इरशाद उर्फ गय्यूर निवासी मोहल्ला मजहर हसन कस्बा चिलकाना तथा दीपांशु पुत्र जनेश्वर सैनी निवासी मोहल्ला कोठीवाला, सुल्तानपुर थाना चिलकाना के रूप में हुई है।
पूछताछ में बताई लूट की वारदात
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि वे आपस में दोस्त हैं और एक साथ रहते हैं। उन्होंने एक-दो अक्टूबर की रात गांव कातला से मरोड़गढ़ जाने वाले रास्ते पर एक मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति को रोककर उसके साथ मारपीट की और उससे 12 हजार रुपये तथा एक मोबाइल फोन लूट लिया था। आरोपियों के अनुसार, लूटी गई रकम उन्होंने आपस में बांट ली थी। पुलिस ने बताया कि बरामद 4,500 रुपये इसी घटना से संबंधित हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पूछताछ में यह भी बताया कि वे लोगों को डराने-धमकाने के लिए अपने साथ चाकू और तमंचा रखते थे। घटना में इस्तेमाल की गई दोनों मोटरसाइकिलें भी बरामद कर ली गई हैं।
आर्म्स एक्ट समेत अन्य धाराएं बढ़ाईं
एसपी सिटी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ दर्ज मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए आर्म्स एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई है। पुलिस ने सभी पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश करने के बाद जेल भेज दिया।
