प्रदेश स्तरीय भाषण प्रतियोगिता में ग्लोकल विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने बढ़ाया मान

प्रदेश स्तरीय भाषण प्रतियोगिता में ग्लोकल विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने बढ़ाया मान
प्रदेश स्तरीय भाषण प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले ग्लोकल विश्वविद्यालय के विद्यार्थी।

‘मेरे सपनों का भारत-विकसित भारत की संकल्पना’ विषय पर युवाओं ने रखे विचार, राष्ट्र निर्माण में भूमिका पर दिया जोर

बेहट (सहारनपुर)। सेवा संकल्प अभियान के तहत लखनऊ स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय में आयोजित प्रदेश स्तरीय भाषण प्रतियोगिता में ग्लोकल विश्वविद्यालय, मिर्जापुर के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग कर अपने विचार प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका, राष्ट्र की प्रगति और देश के उज्ज्वल भविष्य से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विचार रखे।

विश्वविद्यालय के अतिरिक्त प्रतिकुलाधिपति सैयद निजामुद्दीन और कुलसचिव प्रोफेसर शिवानी तिवारी के संरक्षण एवं मार्गदर्शन में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रीय चेतना को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को प्रदेश स्तरीय भाषण प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला।

70 विश्वविद्यालयों के विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा

प्रतियोगिता का विषय ‘मेरे सपनों का भारत-विकसित भारत की संकल्पना’ रखा गया था। इसमें उत्तर प्रदेश के 70 विश्वविद्यालयों ने सहभागिता की। विभिन्न विश्वविद्यालयों में आयोजित प्रारंभिक प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को प्रदेश स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला।

ग्लोकल विश्वविद्यालय की ओर से नोडल कार्यक्रम अधिकारी एवं छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ. शोभा त्रिपाठी के नेतृत्व में तीन विद्यार्थियों ने प्रतियोगिता में भाग लिया। इनमें ग्लोकल लॉ स्कूल की छात्रा अंशिका, छात्र उबैद और प्रौद्योगिकी विभाग के छात्र जैद शामिल रहे।

तीनों विद्यार्थियों ने अपने वक्तव्यों में विकसित भारत की परिकल्पना, राष्ट्र निर्माण में युवाओं के योगदान और देश को प्रगति के पथ पर आगे बढ़ाने से जुड़े महत्वपूर्ण विचार प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में भाग लेने से विद्यार्थियों को अपनी वक्तृत्व कला और आत्मविश्वास निखारने के साथ प्रदेश के विभिन्न विश्वविद्यालयों के प्रतिभागियों के विचारों को जानने का अवसर भी मिला।

विद्यार्थियों में राष्ट्रसेवा की भावना को बढ़ावा

विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, ग्लोकल विश्वविद्यालय गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ विद्यार्थियों के बौद्धिक, सामाजिक और राष्ट्रीय व्यक्तित्व के विकास के लिए भी निरंतर प्रयासरत है। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व, नेतृत्व क्षमता, रचनात्मक चिंतन और राष्ट्रसेवा की भावना को प्रोत्साहित किया जा रहा है।

इस तरह की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को राष्ट्रीय विकास में अपनी भूमिका समझने, विचारों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने और देश के निर्माण में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित करती हैं।

Leave a Reply