बांस की खेती किसानों के लिए आय और रोजगार का बेहतर माध्यम: नरेश सैनी
बांस मिशन योजना के तहत तीन दिवसीय प्रशिक्षण का समापन, प्रशिक्षुओं को वितरित किए प्रमाण पत्र
बेहट (सहारनपुर)। बेहट रेंज के अंतर्गत बेहट पौधशाला में बांस मिशन योजना के तहत आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन हो गया। अंतिम दिन पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ भाजपा नेता नरेश सैनी तथा सामाजिक वानिकी प्रभाग सहारनपुर की प्रभागीय निदेशक चांदनी सिंह ने प्रशिक्षुओं को प्रमाण पत्र वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को बांस की खेती, उसके महत्व, उपयोगिता और इससे जुड़ी संभावनाओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक नरेश सैनी ने कहा कि बांस की खेती किसानों की आय बढ़ाने का बेहतर विकल्प बन सकती है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर भी पैदा हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि किसानों को पारंपरिक खेती के साथ-साथ ऐसे वैकल्पिक साधनों की जानकारी भी हासिल करनी चाहिए, जिनसे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हो सके।
नरेश सैनी ने कहा कि बांस पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। इसकी खेती और उपयोग को बढ़ावा देने से किसानों को आर्थिक लाभ मिलने के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिल सकती है। उन्होंने किसानों से खेती के नए विकल्पों को अपनाने और उपलब्ध योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया।
किसानों और महिला समूहों को किया जागरूक
सामाजिक वानिकी प्रभाग की प्रभागीय निदेशक चांदनी सिंह ने प्रशिक्षण के दौरान बांस के महत्व, उसकी उपयोगिता और खेती से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण का उद्देश्य किसानों और महिला समूहों को बांस की खेती के प्रति जागरूक करना तथा इसके माध्यम से आय और रोजगार की संभावनाओं से परिचित कराना है।
प्रशिक्षण के समापन पर अतिथियों ने सभी प्रशिक्षुओं को प्रमाण पत्र वितरित किए और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर क्षेत्रीय वनाधिकारी शीशपाल सिंह बिष्ट, वरिष्ठ भाजपा नेता संजीव कर्णवाल बॉबी, वन दरोगा आकाश राठौर, वन रक्षक योगेश पुरोहित, वन रक्षक दीपक कश्यप सहित स्थानीय किसान, महिला समूहों के सदस्य, गणमान्य व्यक्ति और वन विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।
