शिवा हत्याकांड के बाद हाईवे जाम और पथराव मामले में पांच वांछित गिरफ्तार
देवबंद। करीब दो माह पूर्व हुए शिवा हत्याकांड के बाद हाईवे जाम करने और पुलिस पर पथराव करने के मामले में पुलिस ने पांच वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में पुलिस की ओर से 25 नामजद समेत कुल 105 लोगों के खिलाफ बलवा, पुलिस बल पर हमला और लोक व्यवस्था बाधित करने सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
जांच अधिकारी उपनिरीक्षक डैनी कुमार ने बताया कि पुलिस ने मामले में वांछित गांधी कॉलोनी निवासी लक्की, विशू, आशु और अक्षय तथा फौलादपुरा निवासी दीपक को नवीन मंडी के पास से गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
गौरतलब है कि 26 जुलाई को गांधी कॉलोनी निवासी 18 वर्षीय शिवा की उसके ही दोस्तों द्वारा घर से बुलाकर हत्या किए जाने का आरोप लगा था। बाद में उसका शव टीचर कॉलोनी स्थित एक खेत में पड़ा मिला था। घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतक के परिजनों और कॉलोनीवासियों में आक्रोश फैल गया था।
इसके बाद परिजन और कॉलोनीवासी शिवा के शव को सहारनपुर-मुजफ्फरनगर हाईवे पर रखकर जाम लगाने लगे। पुलिस ने जाम खुलवाने का प्रयास किया। इसी दौरान पुलिस और प्रदर्शन कर रहे लोगों के बीच विवाद हो गया तथा लोगों की ओर से पुलिस पर पथराव किए जाने की बात सामने आई थी।
मामले में जांच अधिकारी उपनिरीक्षक डैनी कुमार की ओर से 25 नामजद समेत 105 लोगों के खिलाफ बलवा करने, पुलिस बल पर हमला करने और लोक व्यवस्था बाधित करने सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।
जांच अधिकारी ने बताया कि मामले में फरार चल रहे अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि शेष आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
