यूपी में बारिश के बाद बढ़ी ठंडक, अगले 3 दिनों के लिए भी अलर्ट जारी
उत्तर प्रदेश में बीते दो दिनों से अलग-अलग हिस्सों में जबरदस्त बारिश हुई, जिससे मौसम काफी ठंडा हो हो गया हैं. सुबह और शाम के समय ठंडक और भी ज्यादा बढ़ गई हैं. मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में भी प्रदेश में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बारिश का सिलसिला जारी रहेगा, जिससे ठंडक बनी रहेगी. 16 अक्टूबर तक ऐसा है मौसम रहेगा.
मौसम विभाग के मुताबिक़ यूपी में आज 13 अक्टूबर मंगलवार को ज़्यादातर इलाकों में मौसम शुष्क रहेगा, कहीं कोई बारिश या बूंदाबांदी का अलर्ट जारी नहीं किया गया है. आज प्रदेश के सभी जिले ग्रीन ज़ोन में बने रहेंगे. दिन के समय आसमान साफ़ रहेगा और खिली-खिली धूप निकलेगी. जिससे दिन के समय तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी हो सकती हैं लेकिन रात में ठंडक ही रहेगी.
अगले तीन दिन बारिश के आसार
मौसम विभाग के मुताबिक़ यूपी में 14 अक्टूबर से एक नया हल्का पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हो रहा है. जिससे अगले 24 घंटों में एक बार फिर से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा. इस दौरान पश्चिमी यूपी के सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरगनर और बिजनौर व आसपास के इलाकों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान हैं. 15 अक्टूबर को नोएडा-गाजियाबाद समेत 25 जिलों में बारिश होगी. वहीं 16 अक्टूबर को सहारनपुर से लखनऊ और गोरखपुर तक बारिश के आसार हैं.
बारिश के बाद मौसम हुआ ठंडा
सर्दी आने से पहले मौसम में आए इस बदलाव से अक्टूबर महीने में अच्छी-खासी ठंडक बढ़ गई हैं और उमस का असर भी कम हुआ है. रविवार-सोमवार को हुई बारिश के बाद रात में सिहरन और बढ़ गई. मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होगी. इसके बाद क्रमिक इतनी ही कमी आने की संभावना है. न्यूनतम तापमान में भी अगले तीन दिनों में 2 डिग्री तक की बढ़ोतरी होगी.
बीते 24 घंटों में नजीबाबाद प्रदेश का सबसे ठंडा क्षेत्र रहा. यहां सबसे कम न्यूनतम तापमान 18.0 डिग्री सेल्सियस रहा. वहीं मेरठ, मुज़फ़्फ़रनगर, हरदोई और बरेली में भी तापमान में काफी गिरावट आई हैं. झांसी, आगरा, प्रयागराज, बांदा और उरई प्रदेश के सबसे गर्म इलाके रहे.
