सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा करते समय भी हया का ख्याल रखें: कारी इस्हाक गोरा

सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा करते समय भी हया का ख्याल रखें: कारी इस्हाक गोरा
मौलाना कारी इसहाक गोरा

देवबंद। जमीयत दावातुल मुसलीमीन के संरक्षक मौलाना कारी इस्हाक गोरा ने महिलाओं के पर्दे और सोशल मीडिया के इस्तेमाल को लेकर अपनी बात रखी है। उन्होंने कहा कि पर्दा केवल घर से बाहर निकलते समय चेहरे को ढकने तक सीमित नहीं है, बल्कि सोशल मीडिया पर तस्वीरें और वीडियो साझा करते समय भी हया और मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए।

सोमवार को जारी बयान में कारी इस्हाक गोरा ने कहा कि समाज में पर्दे को लेकर जागरूकता बढ़ी है और बड़ी संख्या में महिलाएं घर से बाहर निकलते समय नकाब एवं पर्दे का विशेष ध्यान रखती हैं। हालांकि, दूसरी ओर सोशल मीडिया पर तस्वीरें, वीडियो और निजी जिंदगी से जुड़े लम्हे साझा करने का चलन भी बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि यदि कोई महिला अपने चेहरे को गैर-महरम की नजरों से बचाने के लिए नकाब करती है, तो उसी चेहरे की तस्वीर सोशल मीडिया के माध्यम से बड़ी संख्या में लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य और पर्दे की भावना पर भी विचार किया जाना चाहिए।

कारी इस्हाक गोरा ने कहा कि पर्दा केवल कपड़े या नकाब तक सीमित नहीं है, बल्कि हया, सादगी और अपनी जीनत (सुंदरता) को गैर-महरम की नजरों से महफूज रखने की भावना से भी जुड़ा है। उन्होंने कहा कि शादी, सफर, खुशी या पारिवारिक आयोजनों के हर लम्हे को तस्वीर और वीडियो के माध्यम से सार्वजनिक करना जरूरी नहीं है।

उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया आज जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुका है, इसलिए इसका इस्तेमाल करते समय भी सावधानी और जिम्मेदारी बरतने की आवश्यकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य किसी व्यक्ति को निशाना बनाना या किसी पर उंगली उठाना नहीं है, बल्कि सोशल मीडिया के बढ़ते इस्तेमाल के बीच लोगों को अपनी निजता और मर्यादा के प्रति जागरूक करना है।

Leave a Reply