‘तुरंत चमत्कार की उम्मीद न करें’, वैभव सूर्यवंशी को लेकर बोले पूर्व भारतीय कप्तान

‘तुरंत चमत्कार की उम्मीद न करें’, वैभव सूर्यवंशी को लेकर बोले पूर्व भारतीय कप्तान

IPL 2026 में अपने बल्ले से तूफान मचाने वाले 15 साल के वैभव सूर्यवंशी अब इंटरनेशनल डेब्यू के लिए तैयार हैं। फैंस को आयरलैंड दौरे पर वैभव के डेब्यू का बेसब्री से इंतजार हो रहा है। इस बीच पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली का वैभव को लेकर बड़ा बयान आया है। गांगुली ने सभी को धैर्य रखने की सलाह दी है। गांगुली का मानना है कि इतनी कम उम्र में वैभव पर उम्मीदों का पहाड़ डालना सही नहीं होगा।

पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली ने कहा है कि क्रिकेट फैंस और एक्सपर्ट्स को वैभव सूर्यवंशी को फिलहाल खुलकर खेलने देना चाहिए। उन्होंने साफ कहा कि 15 साल के खिलाड़ी से तुरंत चमत्कार की उम्मीद करना ठीक नहीं है। वैभव सूर्यवंशी ने IPL 2026 में शानदार प्रदर्शन कर सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा था। राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए उन्होंने 776 रन बनाए, जिसमें एक शतक और पांच अर्धशतक शामिल रहे। खास बात यह रही कि उनका स्ट्राइक रेट 237.3 का रहा। इसी दमदार प्रदर्शन के बाद उन्हें आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय टीम में जगह मिली।

भारत के लिए खेलना अलग अनुभव होगा

वैभव 26 और 28 जून को आयरलैंड के खिलाफ दो T20 मैच खेल सकते हैं। इसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ 1 से 11 जुलाई तक पांच मैचों की T20 सीरीज खेली जाएगी। गांगुली ने पीटीआई से बातचीत में कहा कि उन्हें लगता है कि हमें उसे उसके हाल पर छोड़ देना चाहिए। वह अभी सिर्फ 15 साल का है। IPL में भी हमने देखा कि वह दबाव से ज्यादा परेशान नहीं होता। हालांकि, भारत के लिए खेलना अलग अनुभव है और उसे ऐसी पिचों पर खेलना होगा जो बिल्कुल अलग होंगी।

टूट जाएगा सचिन का कीर्तिमान

उन्होंने आगे कहा कि उससे तुरंत दुनिया जीतने की उम्मीद मत रखिए। उसे थोड़ा समय दीजिए ताकि वह खुद को सेट कर सके। उसमें काफी टैलेंट है, जैसे भारत में कई अन्य खिलाड़ियों में होता है। वैभव सूर्यवंशी अगर वैभव 26 जून को आयरलैंड के खिलाफ पहला T20I मुकाबला खेलते हैं, तो वह सचिन तेंदुलकर के सबसे कम उम्र में इंटरनेशनल डेब्यू करने के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ देंगे। साल 1989 में सचिन तेंदुलकर ने 16 साल की उम्र में पाकिस्तान के खिलाफ इंटरनेशनल क्रिकेट में कदम रखा था।

Leave a Reply