ई-रजिस्ट्री एवं कार्यालय स्थानांतरण के विरोध में दस्तावेज लेखक संघ ने जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन

ई-रजिस्ट्री एवं कार्यालय स्थानांतरण के विरोध में दस्तावेज लेखक संघ ने जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन
  • सहारनपुर में धरना देते दस्तावेज लेखक संघ के पदाधिकारी।

सहारनपुर। दस्तावेज लेखक संघ, तहसील सदर (पंजीकृत) सहारनपुर ने बुधवार को जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर रजिस्ट्री कार्यालय सदर द्वितीय एवं सदर तृतीय को फतेहपुर जट्ट स्थानांतरित किए जाने तथा प्रदेश सरकार द्वारा ई-रजिस्ट्री व्यवस्था लागू करने का विरोध जताया।

संघ के अध्यक्ष लुकमान अहमद के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में कहा गया कि ई-रजिस्ट्री व्यवस्था लागू होने से दस्तावेज लेखक समुदाय के समक्ष रोजगार का गंभीर संकट उत्पन्न हो जाएगा। संघ का कहना है कि बड़ी संख्या में दस्तावेज लेखक वर्षों से इस कार्य से जुड़े हैं और उम्र के इस पड़ाव पर उनके लिए कोई अन्य रोजगार अपनाना संभव नहीं है। इससे उनके परिवारों की आजीविका भी प्रभावित होगी। ज्ञापन में यह भी कहा गया कि रजिस्ट्री कार्यालयों को फतेहपुर जट्ट स्थानांतरित किए जाने से आम नागरिकों एवं पक्षकारों को आवागमन में भारी असुविधा का सामना करना पड़ेगा। फतेहपुर जट्ट कलेक्ट्रेट परिसर से लगभग पांच किलोमीटर से अधिक दूरी पर स्थित है तथा वहां तक पहुंचने में यातायात और सुरक्षा संबंधी समस्याएं भी हैं। दस्तावेज लेखक संघ ने जिलाधिकारी से मांग की कि शासन को इस संबंध में अवगत कराया जाए तथा सभी निबंधन कार्यालयों को कलेक्ट्रेट परिसर में ही संचालित रखा जाए।

संघ का कहना है कि कलेक्ट्रेट परिसर में कार्यालय भवन निर्माण के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध है, इसलिए वर्तमान स्थान पर ही आवश्यक निर्माण कार्य कराया जाए। इस अवसर पर महासचिव नवाब सिंह चैहान, उपाध्यक्ष चै. उपेन्द्र सिंह, कोषाध्यक्ष अशोक पसरीचा, जिला कोऑर्डिनेटर राकेश कुमार सैनी, जिलाध्यक्ष प्रमोद कुमार सैन सहित बड़ी संख्या में दस्तावेज लेखक उपस्थित रहे।

Leave a Reply