‘गीता-कुरान देकर शपथ करवाइए, आप पुराने मित्र हैं इसलिए…’, अखिलेश यादव के बयान पर ओपी राजभर का पलटवार
उत्तर प्रदेश की राजनीति में आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए नेताओं की परस्पर बयानबाजी काफी तेज हो चुकी है. प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर एक बार फिर तंज कसा है. अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर उन्होंने समाजवादी पार्टी में टूट को लेकर आगाह किया है.
ओम प्रकाश राजभर ने लिखा, “आपकी लंका में आग लगने वाली है और आप दूसरों की चिंता में लगे हैं. ग़ज़ब आदमी हैं महाराज आप. आप पुराने मित्र हैं, इसलिए पहले ही बता दिया. बचा सकते हैं तो बचा लीजिए अपनी पार्टी को. बुला लीजिए सांसदों और विधायकों की बैठक और सबके हाथ में गीता-कुरान देकर शपथ करवा लीजिए. सब सच उगल देंगे. बुलाइये ना अपने सांसदों को और उगलवाइये सच. विभीषण आप के साथ ही है.लंका में आगा लगवा कर रहेगा.”
गठबंधन तोड़ने पर उठाया सवाल
कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने आगे लिखा, “रही बात हमारे पैसा लेने की तो आइये ना हमारे घर. दो चार किलो आलू, प्याज और बोरी भर गेंहू मिलेगा. कौन पैसा लेकर लोडर बनाता है और कौन दबे कुचलों को नेता बनाता है, ये आप भी बेहतर जानते हैं और जनता भी अखिलेश भइया. आप बस यही जवाब दे दीजिए कि आपने हमसे गठबंधन क्यों तोड़ा था? यही ना कि मैंने आपसे कहा कि ज़रा एसी से निकालकर ज़मीन पर आइये, थोड़ी मेहनत कर लीजिए. आप तो एसी से निकलने को तैयार नहीं थे.तोड़ लिया समझौता. हमें सम्मान मिला तो हम पिछड़े, शोषितों और वंचितों की आवाज़ उठाने बीजेपी के साथ आए और बस उसी काम में लगे हैं. यहां एसी पीसी वाले कोई हैं नहीं. सब जनता के लिए, जनता के साथ रहते हैं.”
सपा का विलय सुभासपा में करने का सुझाव
ओम प्रकाश राजभर यहीं नहीं रुके लिखा, “देख लीजिएगा, इस गर्मी में आप बंद कमरे में एसी की ठंडी हवा खाते रहे वे और बाहर राजनैतिक शॉर्ट सर्किट से आपकी लंका जलकर ख़ाक हो जाएगी.मेरा एक सुझाव है। सपा का विलय सुभासपा में कर लीजिए. हम आपको कुछ ना कुछ तो ज़रूर बना देंगे. इंतज़ार रहेगा आपके जवाब का.”
