डीआईजी और एसएसपी ने किया कांवड़ मार्ग का निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था परखी

डीआईजी और एसएसपी ने किया कांवड़ मार्ग का निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था परखी
सहारनपुर में कांवड़ यात्रा मार्ग का निरीक्षण करते डीआईजी एवं एससपी।

सहारनपुर। कांवड़ यात्रा-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए शुक्रवार को पुलिस उपमहानिरीक्षक, सहारनपुर रेंज अभिषेक सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने थाना रामपुर मनिहारान क्षेत्र के चुनैटी फाटक के समीप कांवड़ मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कांवड़ मार्ग पर यातायात व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, बैरिकेडिंग, पुलिस पिकेट, ड्यूटी प्वाइंट और पार्किंग व्यवस्था का जायजा लिया। साथ ही कांवड़ियों एवं श्रद्धालुओं की सुगम आवाजाही को लेकर मौके पर मौजूद व्यवस्थाओं की समीक्षा की। डीआईजी और एसएसपी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी सतर्कता, अनुशासन और संवेदनशीलता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ियों के आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और यातायात का संचालन निर्धारित डायवर्जन प्लान के अनुसार सुनिश्चित किया जाए।

अधिकारियों ने संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर लगातार नजर रखने, आपात स्थिति में त्वरित पुलिस प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने तथा आमजन और कांवड़ यात्रियों के साथ सौहार्दपूर्ण एवं सहयोगात्मक व्यवहार बनाए रखने के भी निर्देश दिए।

Leave a Reply