‘देवेंद्र महतो वहां के नेता, हम वहां जाकर…’, रांची प्रोटेस्ट पर बोले अभिजीत दीपके

‘देवेंद्र महतो वहां के नेता, हम वहां जाकर…’, रांची प्रोटेस्ट पर बोले अभिजीत दीपके

झारखंड की राजधानी रांची में जारी छात्रों के आंदोलन को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा कि झारखंड हो या जंतर-मंतर, छात्रों पर इस तरह बार-बार लाठीचार्ज क्यों किया जाता है और सरकार इस तरह का व्यवहार क्यों करती है, यह मुझे समझ नहीं आता.

दीपके ने कहा कि कल देवेंद्र महतो से बातचीत हुई थी. पिछले नौ दिनों से अनशन पर बैठे महतो पर भी पुलिस ने लाठीचार्ज किया. उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर की तरह झारखंड में भी लाठीचार्ज किया गया है. आंसू गैस का भी इस्तेमाल किया गया.

झारखंड के आंदोलन को हमारा समर्थन- दीपके

सीजेपी के फाउंडर ने ये भी कहा कि हम पूरी तरह से झारखंड के आंदोलन के समर्थन में हैं. हमारी टीम झारखंड में मौजूद है. कल अस्पताल में भी हमारी टीम मौजूद थी. उन्हें जिस भी तरह की मदद की जरूरत है, हमारी टीम वह मदद कर रही है. उन्होंने कहा कि नए लोगों को सामने लाना हमारा उद्देश्य है. देवेंद्र महतो वहां के नेता हैं. हम वहां जाकर आंदोलन को हाईजैक नहीं करना चाहते.

15 अगस्त को गांव में ही रहूंगा- दीपके

वहीं स्वतंत्रता दिवस को लेकर अभिजीत दीपके ने कहा कि देश की आजादी का 80वां वर्ष शुरू हो रहा है. 15 अगस्त के अवसर पर मैं अपने गांव हिंगोली के संतू पिंपरी में जाकर गांव के सरपंच से स्कूल की सुविधाओं को लेकर अनुरोध करूंगा.

‘निजी स्कूलों के फीस के मुद्दे पर कर रहे काम’

उन्होंने कहा कि निजी स्कूल डेढ़ लाख या एक लाख रुपये तक फीस नहीं ले सकते. इन सभी चीजों पर एक सीमा तय होनी चाहिए. हमारी टीम इस मुद्दे पर काम कर रही है. दीपके ने कहा कि सरकारी स्कूलों के विकास के लिए हम सरकार को प्रस्ताव देंगे. फिलहाल गांववासियों और कुछ संस्थाओं की मदद से हम स्कूलों में सुधार के लिए पहल कर रहे हैं.

Leave a Reply